16 घंटे 150 टन चट्टान के नीचे दबा रहा JCB चालक, मिल गई जिंदगी
हिमाचल के सोलन जिले के अंबुजा चौक दाड़लाघाट में प्लाट बनाने के लिए चल रहे खनन कार्य के दौरान एक जेसीबी चालक करीब 150 टन चट्टान के नीचे दब गया। जेसीबी पर भारी मलबा गिरने की वजह से मशीन बुरी तरह से पिचक गई।
इस कारण चालक अंदर ही फंस गया। 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर है।
चालक की पहचान सनी निवासी जोगेंद्रनगर (मंडी) के रूप में हुई है। सनी राहत कार्य में जुटे लोगों से बातचीत करके उन्हें खुद के जिंदा होने का संकेत देता रहा।
हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों ने चालक के चीखने और उसके जिंदा होने की आवाज सुनी। इसकी सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दी। इसके बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 16 घंटों तक यह रेस्क्यू आपरेशन जारी रहा।
इसलिए लग गया इतना ज्यादा वक्त
राहत कार्य में जुटी टीम ने पहले दूसरी मशीनरी से चट्टान को हटाने का प्रयास किया। लेकिन चट्टान भारी होने की वजह से यह तरकीब काम नहीं आई। इसके बाद टीम ने चट्टान और जेसीबी के बीच लोहे और लकड़ी के टुकड़े फंसा दिए ताकि चट्टान और ज्यादा न खिसक सके।
इसके साथ ही भारी मशीनरी से चट्टान को उठाने और दूसरी मशीन से जेसीबी को खींचने की योजना पर काम चलता रहा। बाद में प्रशासन ने हालात पर काबू न होता देख एनडीआरएफ को घटनास्थल पर बुला लिया। मौके पर मौजूद भीड़ को भी पुलिस ने खदेड़ दिया। भीड़ की वजह से राहत एवं बचाव कार्य पर असर पड़ रहा था।
इसके बाद एनडीआरएफ ने मोर्चा संभाला। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी चालक को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
चट्टान बेहद भारी-भरकम थी इसलिए ज्यादा वक्त लग गया। मौके पर उपमंडल अधिकारी अर्की ईशां, नायब तहसिलदार दाड़लाघाट प्रकाश, डीएसपी दाड़लाघाट योगेश रोल्टा सहित पूरा प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे।