{"_id":"5a9bb0714f1c1b78028b76f4","slug":"himachal-higher-education-directorate-direction-to-teachers","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने लिया कड़ा फैसला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने लिया कड़ा फैसला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Updated Sun, 04 Mar 2018 02:09 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतें मिलने पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने कड़ा फैसला लिया है। सेमिनार के नाम पर शिक्षकों के सैर-सपाटे पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने रोक लगा दी है।
विज्ञापन
स्काउट एंड गाइड और रोवर्स एंड रेंजर्स के कार्यक्रमों में जाने के नियमों को सख्त कर दिया है। इन कार्यक्रमों में जाने की मंजूरी लेने के लिए शिक्षक अब स्वयं उच्च अधिकारियों से पत्राचार नहीं कर सकेंगे।
विज्ञापन
स्कूली शिक्षकों को जिला उपनिदेशकों और कॉलेज शिक्षकों को प्रिंसिपलों के माध्यम से आवेदन करना होगा। दूसरे राज्यों या विदेश जाकर सेमिनार में भाग लेने के लिए शिक्षकों को जरूरी कारण बताने होंगे।
विज्ञापन
इस तरह के कार्यक्रमों में शिक्षकों के जाने से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतें मिलने पर यह कड़ा फैसला लिया गया है। निदेशक अमर देव ने शनिवार को सभी जिला उपनिदेशकों और कॉलेज प्रिंसिपलों को इस संदर्भ में सख्ती बरतने के आदेश जारी किए हैं।
प्रदेश में स्कूल स्तर पर स्काउट एंड गाइड और कॉलेज स्तर पर रोवर्स एंड रेंजर्स के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियां सिखाई जाती हैं। हर स्कूल-कॉलेज में इन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए शिक्षक नियुक्त किए गए हैं।
निदेशालय के अधिकारियों के मुताबिक कई स्कूल-कॉलेजों से शिकायतें मिली हैं कि कुछ शिक्षक देश के दूसरे राज्यों और विदेश में होने वाले सेमिनार में शामिल होने के लिए उच्च अधिकारियों को सीधे पत्राचार कर रहे हैं।
सेमिनार से लौटकर स्कूलों में कोई विशेष मुहिम भी नहीं चला रहे हैं। शिक्षकों के कई दिनों तक स्कूल-कॉलेज से बाहर रहने के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने अब शिक्षकों के सैर-सपाटे को लेकर नियम कड़े कर दिए हैं।