कसौली हत्याकांड : डीजीपी बोले- दोषी पुलिस कर्मियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी ने कहा कि कसौली में सहायक टाउन प्लानर हत्याकांड दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। डीजीपी एसआर मरडी ने मंडी में कहा कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी को भागने के बावजूद दिल्ली पुलिस की मदद से 48 घंटे के अंदर पकड़ने में कामयाबी हासिल की।
वहीं, 12 पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी। इसके बाद डिविजनल कमिश्नर की जांच रिपोर्ट आने के बाद दस और पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है।
इस मामले में अगर लापरवाही पाई जाती है तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस महानिदेशक ने सोमवार को मंडी में सेंट्रल रेंज के तहत आने वाले जिलों मंडी, कुल्लू, लाहुल स्पीति, बिलासपुर और हमीरपुर के एसएचओ
और डीएसपी के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं के बारे में चर्चा कर उनका समाधान निकालने का प्रयास किया। कहा कि पुलिस का कर्तव्य अपराधियों को पकड़ना है। लेकिन, किसी निरपराध और बेकसूर के खिलाफ कार्रवाई न हो यह भी पुलिस का ही फर्ज है।
एसपी मंडी राष्ट्रपति पुलिस मैडल को नामित होंगे
प्रदेश में यह पहली बार हो रहा है कि एसएचओ स्तर के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया जा रहा है। इससे पूर्व एसएचओ कांफ्रेंस शिमला में आयोजित की गई।
अब सेंट्रल रेंज की मंडी में की जा रही है। जिसमें एसएचओ और आईओ को आने वाली परेशानियों, उन पर बढ़ रहे वर्कलोड के अलावा अन्य समस्याएं भी सुनी जा रही हैं। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि एक एजेंसी के सर्वे के अनुसार हिमाचल पुलिस अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मामले में अव्वल आंकी गई है।
अभी साइबर क्राइम से निपटने के मामलों में कुछ कमी है। जिसमें सुधार किया जाना है। इस के लिए केंद्र की ओर से डेढ़ करोड़ की राशि मुहैया करवाई गई है। डीजीपी ने एसपी मंडी गुरदेव शर्मा की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि वह बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं।
एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा का नाम राष्ट्रपति पुलिस सेवा मेडल के लिए भेजा जा रहा है। इस अवसर पर सेंट्रल जोन के सभी जिलों के एसपीए डीएसपी और एसएचओ मौजूद रहे।