हिमाचल के इन क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा!
आगामी दो दिन तक पहाड़ों में तेज बारिश होने के मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर गृह मंत्रालय ने अलर्ट घोषित कर दिया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने उपायुक्त कुल्लू को मनाली के ऊपरी क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने और विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
गृह मंत्रालय ने उपायुक्त कुल्लू को सोलंग, धूंधी क्षेत्र में विशेष एहतियात बरतने के लिए कहा है। उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि गृह मंत्रालय ने तेज बारिश के चलते बाढ़ की आशंका को देखते हुए उक्त निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा रोहतांग समेत अन्य ऊंचे स्थलों पर बर्फबारी होने की संभावना भी जताई जा रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश से हिमस्खलन का खतरा होने का भी डर है इसके लिए जिला प्रशासन भी विशेष एहतियात बरतेगा।
लोगों को किया अलर्ट
सोलंग और धूंधी क्षेत्र में लोगों को भी अलर्ट किया जाएगा। इसके अलावा मौसम को देखकर ही रोहतांग की ओर पर्यटकों को जाने की अनुमति दी जाएगी।
यदि मौसम खराब होता है तो पर्यटकों के रोहतांग की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। बर्फबारी और हिमस्लखन की आशंका के चलते रोहतांग समेत अन्य स्थलों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने सभी लोगों से अपील की कि वे नदी के किनारों पर न जाएं।
तेज बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। इसके अलावा रोहतांग की ओर जाने वाले लोग भी मौसम देखकर ही दर्रा लांघें। मौसम के इस अलर्ट के बाद पूरे क्षेत्र के लोग खौफजदा है।