पीएम दौरा: वायु सेना ने किया हेलीकॉप्टर लैंडिंग का अभ्यास, SPG ने कसा सुरक्षा घेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बिलासपुर के क्रिकेट ग्राउंड को सही जगह के तौर पर चिह्नित किया गया है। रविवार को लुहणू क्रिकेट स्टेडियम में की गई ट्रायल लैंडिंग सफल रही। वायु सेना के पायलट ने लैंडिंग को लेकर एसपीजी के अधिकारियों से भी बातचीत की।
अब सिर्फ एक ही जगह पर तीन हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग का अभ्यास शेष रह गया है। रविवार दोपहर करीब 12.15 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने लुहणू क्रिकेट स्टेडियम में लैंडिंग का पूर्वाभ्यास किया।
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आई। हेलीकॉप्टर ने लुहणू क्रिकेट मैदान के ऊपर दो चक्कर भी लगाए। सुनिश्चित किया कि प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान किसी तरह की कोई दिक्कत न आए।
एसपीजी ने कसा सुरक्षा घेरा, मंच के पास जाने से रोक
सभी औपचारिकताओं के बाद वायु सेना के पायलट ने एसपीजी के अधिकारियों के अलावा पुलिस अधिकारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों से बात भी की। सभी ने विभिन्न पहलुओं पर ग्राउंड में ही बातचीत की। वायु सेना के पायलट ने लुहणू क्रिकेट ग्राउंड को सेफ बताया।
इसके बाद हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12.45 बजे लौट गया। एसपी अंजुम आरा ने बताया कि एक हेलीकॉप्टर का ट्रायल सफल रहा। इसके बाद तीन हेलीकॉप्टर की एक साथ लैंडिंग का ट्रायल होगा। ट्रायल लैडिंग का अभ्यास सोमवार को भी होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिलासपुर दौरे को लेकर एसपीजी और पुलिस ने सुरक्षा घेरा कस दिया है।
हालांकि, पीएम का मंच अभी बनकर तैयार नहीं हुआ है, लेकिन एसपीजी ने मंच के आसपास जाने पर पाबंदी लगा दी है। पार्टी के भी कुछ लोग ही मंच तक पहुंच पा रहे हैं। बिलासपुर शहर पुलिस छावनी में तबदील हो गया है।
पुलिस छावनी में बदला शहर
पीएम मोदी तीन अक्तूबर को बिलासपुर में एम्स का शिलान्यास करने आ रहे हैं। इसके मद्देनजर करीब 20 से 25 एसपीजी अधिकारी और जवान पहुंच चुके हैं। दूसरे जिलों और बटालियनों से भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी बिलासपुर पहुंचे हैं। रैली के लिए लुहणू मैदान को 11 सेक्टरों में बांटा गया है।
हर सेक्टर में एक एसपी से लेकर डीएसपी स्तर तक का अधिकारी मौजूद रहेगा। एसपीजी का स्पेशल डॉग स्क्वायड लुहणू मैदान के अलावा मंच के आसपास सुरक्षा का जायजा लेने में जुटा है।
एसपी अंजुम आरा ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस के एक हजार अधिकारी और कर्मचारी सेवाएं देंगे। पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली स्थल को 11 सेक्टरों में बांटा जा रहा है। कार्यक्रम के लिए दूसरे जिलों और बटालियन से पुलिस कर्मचारी बुलाए गए हैं।