कार में जिंदा जलकर हिमाचल के इंजीनियर की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कासना कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे नोएडा स्थित ब्रिज ग्लोबल कंपनी से नाइट ड्यूटी से लौट रहे इंजीनियर की कार में जलकर मौत हो गई। दमकल कर्मी व पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक इंजीनियर दम तोड़ चुका था।
आशंका है कि शार्ट सर्किट के कारण लॉक फंस गया और इंजीनियर बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से गांव अंब, जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) निवासी पवन धीमान (44) 15 साल से सेक्टर पाई-1 स्थित कैसिया एस्टेट सोसायटी में रह रहे थे।
बड़े भाई बलदेव सिंह ने बताया कि पवन फोर्ड आईकॉन कार से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे, लेकिन वह घर नहीं पहुंचे। इस बीच दमकल विभाग व पुलिस को दिल्ली पुलिस सोसायटी के पास एक कार जलने की सूचना मिली। दमकलकर्मी और पुलिस जब तक मौके पर पहुंचे कार और उसमें चालक बुरी तरह जल चुका था।
हादसे से पहले किए फेसबुक पर किए तीन पोस्ट
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसा पवन के घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर हुआ था। इससे मौके पर पहुंचे सोसायटी के लोगों व परिजनों ने गाड़ी नंबर देखकर पवन की पहचान कर ली।
पुलिस ने जला हुआ शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एफएसएल व दमकल विभाग की टीम से जांच कराई। अंदेशा जताया गया है कि शार्ट सर्किट के चलते कार में आग लगी और तार आदि जलने से कार का लॉक नहीं खुल पाया जिससे पवन की जलकर मौत हो गई।
हादसा लगभग साढ़े पांच बजे हुआ। इससे लगभग आधे घंटे पहले पवन ने फेसबुक पर अपनी नौ फोटो एक साथ शेयर की। इससे लगभग दो घंटे पहले एक फोटो शेयर की। इससे कुछ देर पहले उन्होंने करीबी व दोस्तों के फोटो लगी एक पोस्ट शेयर कर क्रिसमस की बधाई दी थी।
वहीं, पवन की पत्नी रितु ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव स्थित डेफोडिल पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है और उनका बेटा अनमोल सेक्टर-37 स्थित समसारा स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। अनमोल स्केटिंग चैंपियन रहा है।
हार्न बजा रहे थे पवन, वीडियो बना रहे थे लोग
हादसे के बाद पवन के घर पहुंचे कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि जब पवन की कार में आग लग रही थी और गेट नहीं खुल पा रहे थे। पवन मदद के लिए हार्न बजा रहे थे, लेकिन कुछ राहगीर मदद की जगह जलती हुई कार की वीडियो बना रहे थे।
हालांकि, एफएसओ ज्ञानप्रकाश शर्मा ने बताया जिस दौरान वह टीम के साथ वहां पहुंचे, उस दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने कार से जला हुआ शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक इंजीनियर की जलकर मौत हो चुकी थी। पवन की पत्नी ने अचानक हुई घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस को दी है। एसएफएल और दमकल विभाग की टीम से मौका मुआयना कर जांच कराई गई है। - निशांक शर्मा, सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम क्षेत्र