सेना भर्ती में गड़बड़ी रोकेगा डिजिटल बैंड, बायोमीट्रिक सिस्टम से होगा लैस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेना भर्ती में अब किसी भी प्रकार की धांधली की आशंका नहीं रहेगी। भारतीय सेना ने सूबे में हो रही सैन्य भर्ती में पहली बार डिजिटल बैंड का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
ऊना में चल रही भर्ती रैली में अभ्यर्थियों को बाकायदा डिजिटल बैंड लगाने के बाद ही मेडिकल के लिए एंट्री दी जा रही है। बताया जा रहा है कि भर्ती में अनियमितता और अन्य प्रकार की संभावित गड़बड़ी से बचने के मकसद से यह प्रयोग किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक डिजिटल बैंड में बायोमीट्रिक सिस्टम के अलावा अभ्यर्थी के रेटीना मार्क भी संरक्षित किए जाएंगे, जो यूएफआईडी सर्वर में अपलोड रहेगा। अभ्यर्थी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा डाटा इस बैंड के साथ जुड़े सर्वर में उपलब्ध होगा।
गौर हो कि इस बार ऊना में छह जिलों की भर्ती में 29 हजार युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें ग्राउंड पास करने वाले युवाओं को सेना की ओर से डिजीटल बैंड जारी किए जा रहे हैं। वहीं, सेना ने भर्ती देने आए युवाओं का पहली बार ड्रग टेस्ट भी करवाना शुरू किया है।
इसके तहत हर उस युवा अभ्यर्थी का ड्रग टेस्ट करवाया जाएगा जो भर्ती के लिए अपीयर हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम सीएमओ के नेतृत्व में इस टेस्ट को अंजाम दे रही है।
सेना भर्ती अधिकारी कर्नल संजय चावला ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भर्ती में किसी प्रकार की धांधली की आशंका को निर्मूल करने के मकसद से ही इस बार सेना ने नया प्रयोग करते हुए डिजिटल बैंड समेत डोप टेस्ट को अपनाया है। उन्होंने कहा कि भर्ती में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है।
भर्ती के लिए दौड़े हमीरपुर के युवा, 328 पास
इंदिरा मैदान में सेना के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में हजारों की संख्या में युवाओं ने पसीना बहाया। युवा वर्ग में सेना में भर्ती के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार को 328 युवा ही मैदान में शारीरिक मापदंडों पर खरा उतर पाए।
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए 4300 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाई थी। चयनित युवाओं के लिए अब मेडिकल और रिटन टेस्ट जैसी कड़ी चुनौतियां पार करनी होंगी।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के तत्वावधान में रविवार को सिपाही सामान्य ड्यूटी/लिपिक/स्टोरकीपर के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में हमीरपुर की गलोड़ और नादौन को छोड़कर सभी तहसीलों के लगभग 3800 युवा प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और दौड़ स्पर्धा में हिस्सा लिया।
हालांकि सेना में खुली भर्ती के लिए 4300 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाई थी। इनमें से 328 युवा ही ग्राउंड टेस्ट क्लीयर कर पाए हैं। किसी कारणवश 500 प्रतिभागी भाग नहीं ले पाए हैं।
स्क्रीनिंग टेस्ट और मेडिकल टेस्ट में सफल प्रतिभागियों की भर्ती मेरिट के आधार पर ही होगी। कर्नल संजय चावला सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजय चावला ने बताया कि 14 नवंबर को ऊना के युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी।