इस गांव में हर जगह फैला है मौत का करंट!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बैहरी गांव के बाद अब पार्वती कोलडैम ट्रांसमिशन लाइन के 103 नंबर टावर से करंट फैलने से खारशी पंचायत के भारशी गांव में दहशत फैल गई है। रविवार को मटर के खेतों में गए एक व्यक्ति को करंट लगने से गांव में अफरा तफरी मच गई।
हालांकि करंट के झटके के बाद उक्त व्यक्ति की हालत स्थित है, मगर ग्रामीणों में एक बार फिर घटना से सनसनी फैल गई है। मौके पर पहुंचे पंचायत प्रधान सुरेश मल्होत्रा ने इस संबंध में विद्युत बोर्ड और टावर लाइन के अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार को गांव का इंद्र देव पुत्र मोती राम अपने मटर के खेतों में काम करने गया था, जहां उसे करंट का जोर का झटका लगा। इंद्र देव के शोर मचाने पर वहां ग्रामीण एकत्र हो गए। जिसके बाद जब ग्रामीणों ने वहां टेस्ट पेन लगाया तो उसमे करंट पाया गया।
ग्रामीणों दौलत राम, इंद्र देव और धनदेव ने बताया कि भारसी गांव में टावर नंबर 103 से करंट फैल रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत है। ग्रामीणों ने बताया कि टावर से चार सौ मीटर तक करंट फैल रहा है।
महिला की हो चुकी है मौत
इससे पूर्व भारसी गांव में इसी टावर लाइन के निर्माण के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई थी। रविवार को उसी महिला के देवर को करंट लगा है, जिससे ग्रामीणों में अफरा तफरी का माहौल है।
इससे दो दिन पूर्व नौण पंचायत के बैहरी गांव में भी टावर से करंट फैलने से लोगों में हड़कंप मच गया था। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे थे, जहां टावर लाइन कंपनी के अधिकारी जांच कर रहे हैं।
अब खारसी पंचायत के भारसी गांव में करंट फैलने से ग्रामीणों में सनसनी का माहौल है। खारशी पंचायत के प्रधान सुरेश मल्होत्रा ने बताया कि टावर लाइन के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने घटना की सूचना मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विद्युत बोर्ड और टावर लाइन के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।