पत्नी से की दरिंदगी, 23 बार चाकू से गोदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस शख्स ने दरिदंगी की सारी हदें पार कर दी। पत्नी को मौत के घाट उतारने के लिए उसे 23 बार चाकू से गोद दिया। मामला शिमला का है। यहां आधी रात को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुर को चाकू से गोद डाला। वारदात शिमला शहर के अपर कैथू के ताराहाल में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के सरकारी क्वार्टर में हुई।
महिला के शरीर पर 23 जगह जख्म हैं जबकि इसके पिता की हालत भी गंभीर बनी हुई है। इनकी चीख पुकार सुनकर पड़ोस के कमरे में सो रहे महिला के भाई की नींद खुली तो वह कमरे में मौजूद दो लोगों के साथ बाहर आया और हमलावर को काबू किया।
इसके बाद वह घायलों को संभालने में लग गए। उधर, आरोपी मौका देखकर वहां से भाग निकला। इसके बाद देर शाम उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दो साल पहले दिव्या के साथ हुई थी शादी
आरोपी पेशे से ड्राइवर है और किसी की पिकअप गाड़ी चलाता है। थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा कायम कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, धर्मपुर के बुखारी के रहने वाले देवेंद्र सिंह की शादी करीब दो साल पहले दिव्या के साथ हुई थी। शुरू में सब ठीक रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई।
बात जब बर्दाश्त से बाहर हो गई तो दिव्या ने देवेंद्र का घर छोड़ा और करीब एक महीना पहले अपने पिता मदनलाल के पास रहने चली आई। जहां वारदात हुई वह सीपीडब्ल्यूडी का आउट हाउस है।
चीखे सुनी तो आए बचाने
36 और 37 नंबर वाले यह आउट हाउस महकमे में कार्यरत इलेक्ट्रीशियन हीरा सिंह के नाम से अलॉट हैं। वारदात वाले दिन 37 नंबर कमरे में दिव्या का भाई तिलक, देवराज और महेंद्र के साथ सो रहा था।
कमरा नंबर 36 में तिलक राम के पिता मदनलाल और उसकी बहन दिव्या सोए थे। तिलक ने पुलिस को बताया कि रात करीब एक बजे उसने चीखने की आवाज सुनी जिससे उसकी नींद टूट गई।
उसने महेंद्र और देवराज को उठाया और माजरा जानने के लिए बाहर आया। बाहर देवेंद्र उसकी बहन दिव्या और पिता मदन लाल पर चाकू से वार कर रहा था।
काफी मशक्कत के बाद काबू किया और उसके हाथ से चाकू छीनकर दूर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में दोनों को 108 में आईजीएमसी लाया गया।
घायलों की हालत गंभीर
हमले में मदन की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें हेडफ्रेक्चर हुआ है। शरीर पर आठ जगह जख्म हैं। दोनों घायल अभी बयान देने के काबिल नहीं है।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि बेहतर उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सक लगातार दोनों की हालत पर नजर रखे हुए हैं।
पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया है। इसमें डोरियां लिपटी हुई हैं। अंदेशा है कि चाकू किसी देव स्थल से चुराया हो। तिलक राम बैंक में सिक्योरिटी गार्ड हैं, इसके पिता मदन लाल दुकान में काम करते हैं। वहीं देर शाम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।