फसल बचाने निकला था, मिली दर्दनाक मौत
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला की बुआसनी पंचायत के तिरला गांव में बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई है। युवक अपने दोस्त के साथ बीती रात ढाई बजे खेत में बोई गई फसल को देखने गया था।
वहां पर उसके पड़ोसी ने खेत में जंगली जानवरों के लिए बिजली की तार लगाई हुई थी, जैसे ही वे अंधेरे में खेत में गया तो करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार तिरला निवासी रवि कुमार (32) अपने दोस्त के साथ रात को मक्की की फसल की रखवाली करने गया। रवि आगे चल रहा था तथा उसका दोस्त अमरजीत उसके पीछे चला हुआ था।
फसल को जंगली जानवरों से बचाने जा रहा था
जैसे ही वे संजय कुमार के खेत से निकले तो बिजली की तार उसके शरीर को छू गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रवि को रात को समय ही नालागढ़ लाया गया था लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी खजाना राम ने बताया कि तिरला निवासी संजय कुमार ने 15 बीघा जमीन ठेके पर ली हुई है। जिसमें उसने मक्की की फसल व सब्जी लगाई हुई थी। जंगली जानवर की रक्षा के लिए बिजली की तार लगाई हुई थी।
बिजली के करंट की चपेट में आते ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने संजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रवि कुमार अपने पीछे दो बच्चे व पत्नी को छोड़ गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।