नेशनल हाईवे पर लाश मिलने से सनसनी
पर्यटन नगरी मनाली के समीप नेशनल हाइवे पर 17 मील में एक बगीचे से शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें रविवार सुबह बरान पंचायत की पंच सीता देवी ने सूचना दी कि बगीचे में एक लावारिस शव पड़ा है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पतलीकूहल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव पर जीन की पैंट के अलावा शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई वस्त्र नहीं है।
नहीं हो पाई शव की शिनाख्त
शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अभी तक सीआरपीसी के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। मामले की जांच एसआई ओमप्रकाश कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने सोमवार को पोस्टमार्टम करने को कहा है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को केंद्र में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। अगर पोस्टमार्टम में यह कुदरती मौत के बजाय सुनियोजित हत्या का मामला सामने आता है तो पुलिस दफा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज करेगी।