यूपी: जमीन के झगड़े में दो गाड़ियों से पहुंचे हमलावर, सरिया से हमला कर महिला की हत्या; दो बेटे और पौत्री गंभीर
सुजानगंज क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में जमीन के पुराने विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे और सरिया से हमले में 72 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे और पौत्री गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
जमीन के पुराने विवाद ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर ग्रामसभा की ठाकुर बस्ती में दो चारपहिया वाहनों से पहुंचे लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। हमले में 72 वर्षीय हीरावती देवी की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे और पौत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घायल रमेश सिंह की तहरीर के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने परिवार के साथ पाही पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग दो चारपहिया वाहनों से वहां पहुंचे। आरोप है कि राजेश सिंह, अखिलेश सिंह, अमित सिंह, अजय सिंह, मंगला सिंह, आयुष सिंह, प्रदीप सिंह उर्फ मोनू, सौरभ गौड़, सुमन देवी और कमलेश देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया। इस दौरान रमेश सिंह की मां हीरावती देवी, रमेश, उनके भाई विनोद सिंह और बेटी हर्षिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी को अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने हीरावती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रमेश, विनोद और कक्षा 11 की छात्रा हर्षिता को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहे विवाद और हमले के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
