मेहंदी की रस्म से ठीक पहले घर पहुंची पुलिस, रुकवाया विवाह, ये है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चाइल्ड लाइन संस्था ने चंबा के ग्रामीण इलाके में एक और बाल विवाह को रोकने में कामयाबी हासिल की है। यह विवाह दो फरवरी को होना था। बुधवार को मेहंदी की रस्म थी। इस संबंध में 1098 पर शिकायत मिलने के बाद हरकत में आए संस्था के पदाधिकारियों व महिला एवं बाल विकास विभाग ने पुलिस की मदद से शादी को रुकवा दिया।
बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय लड़की की शादी 20 साल के नाबालिग युवक से प्रस्तावित थी। यह शादी एक गुरुद्वारे में दो फरवरी को होनी थी। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इस बीच बुधवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे 1098 पर सूचना मिली। इसके बाद संस्था ने
महिला एवं बाल कल्याण विभाग, एसडीएम, डीएसपी व पुलिस थाना प्रभारी चंबा को सूचित किया और एक टीम लेकर रवाना हो गए। संस्था के समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि जब टीम पहुंची तो उन्हें दो फरवरी को शादी होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम नाबालिग लड़की के मामा के घर पहुंच गई।
माता-पिता ने माना नाबालिग है बेटी
जहां लड़की के माता-पिता ने स्वीकार किया कि उनकी बेटी की शादी बीस वर्षीय युवक के साथ तय हुई थी। उन्हें इस कानून के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। इस वजह से वे अपनी बेटी की शादी करने जा रहे थे। लेकिन अब जब तक उनकी बेटी 18 साल की नहीं हो जाएगी। तब तक उसकी शादी नहीं करेंगे।
इस बारे में नाबालिग लड़की के माता-पिता व परिजनों ने लिखित रूप में टीम को अपने बयान दिए हैं। गौरतलब है कि चंबा में एक सप्ताह के दौरान बाल विवाह का यह दूसरा मामला सामने आया है। पहले मामले में पुलिस मंडप में पहुंच गई थी जिसे देखकर बाराती व दूल्हा भाग निकले थे। जबकि इस मामले में एक दिन पहले मेहंदी की रस्म अदा होने से पहले टीम ने शादी रुकवा दी है।
जागरूक हो रहे हैं लोग: चाइल्ड लाइन
उधर, इस संबंध में चाइल्ड लाइन संस्था के संयोजक कपिल शर्मा का कहना है कि उन्हें 1098 पर शिकायत मिली थी। इस आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि लोग जागरूक हो रहे हैं और समाज से इस कुरीति को खत्म करने के लिए आगे आ रहे हैं।
महिला एवं बाल कल्याण अधिकारी विरेंद्र आर्य ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने शादी रुकवा दी है। 16 साल की लड़की की शादी एक 20 वर्षीय युवक से होने जा रही थी। यह शादी दो फरवरी को प्रस्तावित थी। भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए ग्रामीण इलाकों में लोगों को जागरूक होना होगा।