कांग्रेसी विधायक अनिरुद्घ पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक महिला ने कांग्रेस के विधायक पर सार्वजनिक तौर पर बेइज्जत करने और दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसके घर की सीढ़ियों को विधायक की मौजूदगी में तोड़ा गया।
जब उनसे ऐसा न करने का अनुरोध किया तो उसे सबके सामने बेइज्जत किया और धमकाया। घटना के दिन ही विधायक के खिलाफ पुलिस में शिकायत की लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
अब पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विधायक अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा कायम कर दिया है। छानबीन के बाद ही सही तथ्य सामने आने की बात पुलिस कह रही है। इस मामले में क्रास एफआईआर दर्ज की गई है।
सीढ़ियां तोड़ने और दुर्व्यवहार का आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पवाबो की रहने वाली है। आठ नवंबर को विधायक अनिरुद्ध सिंह राणा तीन चार लोगों के साथ मौके पर आए। उसके मकान की ओर जाने वाली लोहे की सीढ़ियों को तोड़ने को कहा। यह सीढ़ियां मंदिर की ओर जाती हैं।
महिला का आरोप है कि सीढ़ियों को गैरकानूनी तरीकों से तोड़ा गया। विधायक ने जानबूझ कर सबके सामने उसे बेइज्जत किया। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत पर विधायक के खिलाफ मुकदमा दे दिया है।
दूसरी ओर पंचायत प्रधान की ओर से भी इस मामले में क्रास एफआईआर दर्ज की है। पंचायत डूमी के प्रधान मनोहर सिंह कश्यप ने महिला के परिजनों उमेद राम, विपल, पूर्ण चंद, रूप सिंह और विकास के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा दिया है।
महिला के खिलाफ भी केस
प्रधान ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि कुफर से जटली के लिए करीब सोलह महीनों से एंबुलेंस रोड बनना है। पंचायत के अधीन बनने वाले इस रोड पर करीब तीन लाख खर्च किए जा चुके हैं।
इस रोड के बनने से करीब पांच सौ से अधिक लोगों को फायदा होगा। यह रोड सरकारी जमीन से होकर गुजर रहा है। पंचायत में प्रस्ताव पारित होने के बाद सरकारी जमीन से सीढ़ियों को हटाने का फैसला लिया गया। इसमें एक कमेटी का गठन किया है।
राजस्व कर्मचारी और पुलिस की मौजूदगी में मौके पर काम किया जा रहा था। इसी बीच इन लोगों ने मौके पर आकर काम को रोका और अभद्र व्यवहार किया। कहा कि जिस जगह पर सीढ़ियां बनी थीं वह सरकारी जमीन पर है। इसके सभी दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध करवा दिए हैं।
लगाए गए आरोप बेबुनियाद : विधायक
कसुम्पटी विधानसभा के विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि उन पर महिला की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। पुलिस जांच में सच सामने आ जाएगा। पंचायत में प्रस्ताव पारित होने के बाद सरकारी जमीन पर बनी सीढ़ियों को हटाया गया।
पंचायत ने घटना वाले दिन पुलिस सुरक्षा में यह कार्य किया। आरोपी पक्ष पर पंचायत प्रधान की ओर से एफआईआर भी दर्ज करवाई है।