बीटेक के छात्र ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, गुस्साए छात्रों ने की हड़ताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जेपी युनिवर्सिटी बाकनाघाट में बीटेक तृतीय सत्र के छात्र ने मंगलवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव युनिवर्सिटी के बाहर एक निजी होटल के कमरे से बरामद हुआ है। छात्र होटल में बतौर पेइंग गेस्ट रह रहा था।
छात्र ने दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। आत्महत्या से पूर्व छात्र ने अपने परिजनों को फोन किया था और उन्हें युनिवर्सिटी बुलाया था। उसके परिजनों ने आकर ही सबसे पहले छात्र के कमरे का दरवाजा खोला।
छात्र की पहचान अनमोल ठाकुर पुत्र राकेश ठाकुर निवासी अबाहदेवी हमीरपुर के रूप में हुई है। छात्र की आत्महत्या के बाद गुस्साए दूसरे छात्रों ने युनिवर्सिटी में हड़ताल कर दी और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले आई। यहां परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। छात्र के पिता राकेश ठाकुर ने बताया कि उनका बेटा जेपी युनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।
वे नियमित रूप से उसकी फीस भर रहे थे। उनका बेटा युनिवर्सिटी नहीं जा रहा था या उसका नाम कटा हुआ था, इस बारे में युनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने इसी माह बेटे के पांचवें सेमेस्टर की भी फीस ऑनलाइन भरी है। उधर, युनिवर्सिटी में हंगामा कर रहे छात्रों ने भी इस मसले पर प्रबंधन को जमकर कोसा है।
अनमोल नहीं था हमारा छात्र : विवि
जेपी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मेजर जनरल राकेश बस्सी ने बताया कि अनमोल ठाकुर का नाम जुलाई 2017 को ही युनिवर्सिटी से काट दिया गया था। वह उसके बाद से युनिवर्सिटी का छात्र नहीं था। अनमोल युनिवर्सिटी के बाहर ही एक निजी होटल में कमरा लेकर रह रहा था।
उसे मृत हालत में युनिवर्सिटी के गेट पर लाया गया। छात्र के गैरहाजिर रहने के संबंध में परिजनों को जानकारी समय-समय पर दी जाती रही है। उनके अनुसार छात्र के परिजनों ने ऑनलाइन युनिवर्सिटी के खाते में फीस जमा करवाई होगी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। 24 तारीख के बाद ऑडिट होना है, उसमें पता चलेगा फीस जमा हुई या नहीं।
छात्र की मौत पर गुस्साए साथी, विवि में हड़ताल
अनमोल ठाकुर की आत्महत्या का पता चलते ही विवि में पढ़ाई कर रहे छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सभी छात्र कैंपस में एकजुट हो गए और उन्होंने विवि प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यह हंगामा देर शाम तक चलता रहा। प्रशासन और पुलिस ने मिलकर छात्रों और प्रबंधन के बीच सुलह का प्रयास किया। साथी की मौत से उग्र छात्र काफी देर तक प्रदर्शन करते रहे।
हात्महत्या करने वाले छात्र के पिता भाजपा नेता
आत्महत्या करने वाले छात्र के पिता हमीरपुर भाजपा महामंत्री है। जबकि मां ग्राम पंचायत समीरपुर की प्रधान है। बेटे की मौत की खबर से अवाहदेवी पंचायत में शोक की लहर है।
राकेश ठाकुर जिला भाजपा हमीरपुर के महामंत्री हैं, जबकि उनकी पत्नी अनीता ठाकुर वर्तमान में समीरपुर ग्राम पंचायत की प्रधान हैं। राकेश ठाकुर भी इससे पहले दो बार पंचायत के प्रधान रह चुके हैं। राकेश ठाकुर और अनीता ठाकुर दोनों काफी मिलनसार हैं और इलाके में अच्छा खासा रसूख है।
साढ़े नौ बजे परिजनों से हुई थी आखिरी बात
अनमोल ठाकुर ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने परिजनों से बात की थी और यह पूछा था कि वे कहां पहुंचे हैं। परिजनों की मानें तो शिमला के पास पहुंचने पर अनमोल को मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। वे करीब पौने ग्यारह बजे युनिवर्सिटी पहुंच गए थे। इसके बाद जब वे उसके कमरे में गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। जिसे खोलने पर उन्होंने अनमोल को पंखे से लटका पाया।