एटीएम कार्ड का क्लोन बना अकाउंट साफ कर रहे शातिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप एटीएम में कार्ड डालकर पैसे निकाल रहे हैं तो सावधान रहें। कार्ड का क्लोन बनाकर शातिर आपका खाता साफ कर सकते हैं। सूबे में इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा गिरोह सक्रिय हो गया है जो एटीएम कार्ड का क्लोन बना कर ठगी कर रहा है। शातिर एटीएम मशीन में जहां कार्ड को स्वैप करते हैं और जहां पिन नंबर डायल करते हैं, वहां पर हाईटेक डिवाइस लगाकर कार्ड का क्लोन तैयार कर लेते हैं।
इससे डाटा को डुप्लीकेट कार्ड में ट्रांसफर कर खातों से पैसे निकाल रहे हैं। पिछले एक माह में जिला कांगड़ा और हमीरपुर में ही ऐसे चार मामले सामने आए हैं। इन मामलों में पुलिस के पास मामले भी दर्ज हुए हैं।
एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर यहां पर ऐसे हुई ठगी
13 अप्रैल को योल के एसबीआई के एटीएम में बैंक के ही सेवानिवृत्त अधिकारी ने दो बार पैसे निकालने की कोशिश की लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुई। इसके बाद वह पीएनबी बैंक के एटीएम में गए। यहां पर 2000 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद वह जैसे ही घर पहुंचे तो उनके खाते से दो ट्रांजेक्शन हो गईं। एक से 6 हजार और दूसरी में 500 रुपये निकलने से वह ठगी का शिकार हो गए।
27 अप्रैल को गगल पुलिस थाना में महिला ने मामला दर्ज करवाया कि उसके बैंक अकाउंट से 46,500 रुपये निकाले गए। इस दौरान न तो उसने एटीएम कार्ड किसी को दिया और न ही ओटीपी या पासवर्ड किसी को बताया।
ऐसे जानते हैं आपका पासवर्ड
पासवर्ड जानने के लिए जालसाज एटीएम के पास कहीं बैटरी से चलने वाला कैमरा लगा देते हैं। जो एटीएम के की-बोर्ड पर उंगलियों की हरकत को रिकॉर्ड कर लेता है। इससे बाद में वह आसानी से पासवर्ड जान लेते हैं।
ऐसे बच सकते हैं शिकार होने से
एसएसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि कुछ मामले सामने आए हैं। पोर्टेबल स्कैनर की बनावट एटीएम से मिलती है, इसलिए लोगों को पता नहीं चलता। आमतौर पर एटीएम में कार्ड इंट्री प्वाइंट पर हमेशा लाइट जलती रहती है।
लेकिन स्कैनर लगाने पर सामान्यत: लाइट नहीं जलती है। ऐसी स्थिति में अलर्ट रहें। एटीएम में जाकर कार्ड स्वाइप और की बोर्ड के ऊपर वाली जगह को हाथ से जोर से पकड़ें। अगर वहां पर पोर्टेबल डिवाइस लगी होगी तो वह निकल जाएगी।