आखिर खत्म हुई कंप्यूटर शिक्षकों की हड़ताल, मिलने पहुंचे सीएम
हिमाचल में चार जुलाई से जारी कंप्यूटर शिक्षकों की हड़ताल समाप्त हो गई है। 176 दिन तक क्रमिक अनशन पर रहे कंप्यूटर शिक्षकों को सोमवार शाम मुख्यमंत्री ने अनशन स्थल पर जाकर अनुबंध नीति बनाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कंप्यूटर शिक्षकों का जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद कंप्यूटर शिक्षकों ने 176 दिन से जारी अपनी हड़ताल वापस ले ली है। शिक्षकों का कहना कि अनुबंध नीति बनाए जाने के सरकारी आदेश प्राप्त होते ही स्कूलों में सेवाएं देना शुरू कर दी जाएंगी।
संघ के अध्यक्ष जगदीश शर्मा और प्रवक्ता राजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम करीब पौने छह बजे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दौरे से लौटते वक्त मुख्यमंत्री विधानसभा के समीप जारी कंप्यूटर शिक्षक संघ के क्रमिक अनशन स्थल पर पहुंचे।
हड़ताली शिक्षकों ने सीएम को बताईं ये मांगें
युकां प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने अनशन स्थल पर जाकर शिक्षकों को जूस पिलाया। सोमवार को चंबा जिले के कंप्यूटर शिक्षक विजय और मदन 24 घंटे के क्रमिक अनशन पर बैठे थे। संघ के प्रवक्ता राजेश शर्मा ने बताया मुख्यमंत्री से मांग की गई कि हड़ताल की अवधि को भी सेवाकाल की अवधि में शामिल किया जाए। शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी की जाए। अनुबंध नीति बनाने को जल्द सरकार आदेश जारी करे।
बताया कि आगामी दिनों में शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक से संघ का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। कंप्यूटर शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह का आभार जताते हुए कहा कि हमें उम्मीद है कि अब जल्द राहत मिलेगी। ज्ञात हो कि प्रदेश के 1100 से अधिक स्कूलों में कार्यरत 1452 कंप्यूटर शिक्षक स्थायी नीति बनाने की मांग पर चार जुलाई से हड़ताल पर थे।