वीरभद्र बोले, सरकार को अस्थिर करने की भाजपा में खुजली क्यों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मिलकर हमीरपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की भाजपा में खुजली क्यों हो रही है? भाजपा को अगर कोई तकलीफ है तो वह कुछ समय बाद आम चुनावों में दो-दो हाथ कर ले।
प्रदेश सरकार को भंग करने के लिए विपक्ष के राज्यपाल से मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को भंग करने का राज्यपाल को न तो कोई हक है न शक्ति। राज्यपाल एक संवैधानिक और प्रतिष्ठत पद है उन्हें पार्टीबाजी करना शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि जनता ने चुनकर उन्हें विधानसभा भेजा है और जनता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
बोले, भोरंज से धूमल के पोते को मिलेगा टिकट
वीरभद्र ने कहा कि भाजपा भोरंज की जनता पर कांग्रेस की रैलियों में न आने के लिए दबाव डाल रही है लेकिन उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने एक ही परिवार को टिकट देने पर चुटकी लेते कहा कि भाजपा ने छह चुनावों में पहले आईडी धीमान को टिकट दिया और अब उनके बेटे डॉ. अनिल को टिकट दे दिया। उन्होंने कहा कि अब आने वाले समय में लगता है कि धूमल के पोते को भी यहां से टिकट मिलने वाला है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल पर वीरभद्र ने कहा कि संगठन को अब चुस्त-दुरुस्त करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय हाईकमान से मिले हैं और हाईकमान ने पूरी हमदर्दी जताते हुए कहा कि वह हर परिस्थिति में उनका सहयोग करेंगे। राष्ट्रीय हाईकमान उनके साथ खड़ा है। कहा कि संपत्ति मामले में तीन एजेंसियों की कार्रवाई में धूमल, अनुराग ठाकुर और अरुण जेटली का ही पूरा हाथ है।
धूमल के ठिकानों पर छापेमारी के बारे में अमरिंद्र से पूछो
जालंधर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ठिकानों पर छापेमारी पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि इस बारे में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह से पूछना चाहिए। वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के
निर्णय के बाद एनएच के कुछ मार्गों को डी-नोटिफाई करने का प्रपोजल केंद्र सरकार को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि एक्साइज से प्रदेश सरकार को बहुत बड़ा राजस्व मिलता है। लेकिन स्कूल, कॉलेज, मंदिर के आसपास और आबादी में शराब के ठेके हरगिज नहीं खुलेंगे।
न वक्त से पहले चुनाव होंगे, न ही सीएम इस्तीफा: कांग्रेस
कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, केहर सिंह खाची, महासचिव रामलाल ठाकुर और कुलदीप पठानिया ने कहा कि न तो प्रदेश में समय से पूर्व चुनाव होंगे और न ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने पद से त्यागपत्र देंगे। भाजपा की यह मांग लोकतंत्र में जनमत का अपमान है। नैतिकता की दुहाई देने वाली भाजपा के दोहरे चरित्र से प्रदेश और देश के लोग भली-भांति परिचित हैं।
उन्हें नैतिकता का पाठ कांग्रेस को नहीं, अपने उन नेताओं को पढ़ाना चाहिए जो बड़े-बडे़ घोटालों की जांचों में फंसे हैं। प्रदेश के लोगों ने वीरभद्र सिह सरकार को पूर्ण बहुमत देकर उनमें विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भोरंज उपचुनाव भी जीतेगी और प्रदेश विधानसभा के आम चुनाव भी। भाजपा को कांग्रेस की नहीं, अपनी चिंता करनी चाहिए।
इन नेताओं ने कहा कि भाजपा शुरू से ही प्रदेश में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व को अस्त-व्यस्त करने में जुटी रही, जिससे उन्हें सत्ता का राजनीतिक लाभ हो सके। झूठे मामले बनाकर वीरभद्र सिंह को परेशान करने और प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के पूरे प्रयास किए गए।
न्यायालय में इस समय जो भी मामले मुख्यमंत्री के खिलाफ चल रहे हैं, वे सभी भाजपा के षड़यंत्रों और झूठे आरोपों पर आधारित हैं, जो न्यायालय मेें टिक नहीं पाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रवक्ता राजीव बिंदल की आलोचना करते हुए कहा कि उनके शासनकाल के दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार की वजह से प्रदेश के लोगों ने इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था।
उस समय मिशन रिपीट को प्रदेश के लोगों ने डिफीट में बदला। आज पूरी कांग्रेस पार्टी और प्रदेश के लोग मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ एक मजबूत चट्टान की तरह खड़े हैं और भाजपा के हर दुष्प्रचार व षड़यंत्र का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं।
हैसियत देख सीएम के खिलाफ बयानबाजी करें अरुण: कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुभाष मंगलेट, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया और श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ अरुण धूमल को अपनी हैसियत देखकर बयानबाजी करनी चाहिए।
उन्होंने अरुण धूमल से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रदेश के लोगों से माफी मांगने को कहा। कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं होगा। अरुण बिना शर्त तुरंत अपने इस कृत्य की सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।
इन नेताओं ने कहा कि धूमल पुत्र आज प्रदेश की राजनीति में छटपटाए लग रहे हैं। चुनावों को नजदीक आते देख अपने राजनीतिक अस्तित्व को तलाशने के लिए वे अनर्गल और बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। शुरू से ही मुख्यमंत्री के खिलाफ षड्यंत्रों में जुटे धूमल परिवार को प्रदेश के लोगों ने पूरी तरह नकार दिया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज जब जांच एजेंसियों की ओर से धूमल परिवार की संपत्तियों की जांच की जा रही है, उससे विचलित होकर धूमल पुत्र लोगों का ध्यान इस ओर से हटाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। अपने शासनकाल के दौरान धूमल ने
हिमाचल से बाहर अन्य राज्यों में जिस प्रकार से अथाह संपत्तियां बनाईं, अब उनकी जांच उन राज्य सरकारों द्वारा की जा रही है, जिन्हें उन्होंने अपने प्रभाव से दबा कर रखा था।
आगामी चुनावों में वीरभद्र बनेंगे सातवीं बार सीएम: सुक्खू
विधानसभा उपचुनाव भोरंज के चलते कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित अन्य नेताओं ने वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रमिला देवी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत धमरोल और जाहू में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता मुख्यमंत्री वीरभद्र के बारे में चाहे जितने षड्यंत्र रच लें पर आगामी विधानसभा चुनावों में वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री बनकर भाजपा नेताओं को जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल अब मुख्यमंत्री बनने के सपने छोड़ दें। वहीं इस दौरान पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि धूमल अहसान फरामोश हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता पंडित सुखराम के रहमोकर्म पर धूमल पहली बार मुख्यमंत्री बने और बाद में उन्हें ही भूल गए।
आईपीएच मंत्री विद्या सटोक्स ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने कभी जतिवाद या क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं की। भाजपा नेताओं के इशारों पर उन पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भोरंज उपचुनाव में महिलाओं का अहम रोल रहेगा। उन्होंने महिलाओं और अन्य लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमिला देवी को भरी मतों से विजय दिलवाने का आह्वान किया।
राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि भोरंज के विकास में भाजपा का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भोरंज में परिवारवाद की राजनीति को खत्म कर कांग्रेस प्रत्याशी को जीताने की अपील की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के रानीतिक सलाहकार रंगीला राम राव, राजीव मैहर, सुरेश कुमार, राजेंद्र जार, मोहन लाल बरागटा मौजूद रहे।