सीएम जयराम ने साधा निशाना, बोले- वीरभद्र सरकार ने बिगाड़े स्कूलों के परीक्षा परिणाम
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि क्लस्टर यूनिवर्सिटी एक्ट इसी बजट सत्र में विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लस्टर विवि को मंडी शहर के आसपास खोला जाएगा। मंडी जिले में 55 करोड़ की लागत से यूनिवर्सिटी का निर्माण किया जाएगा।
इसमें 22 करोड़ से मंडी और 11-11 करोड़ की लागत से सुंदरनगर, बासा और द्रंग कॉलेजों में भवनों का निर्माण किया जाएगा। क्लस्टर विवि के सुंदरनगर केंद्र में फार्मेसी, स्कूल और अप्लाइड साइंसेज मैनेजमेंट के पाठ्यक्रम भी होंगे।
सीएम वीरवार को सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज में क्लस्टर यूनिवर्सिटी भवन के शिलान्यास के दौरान संबोधित कर रहे थे।गौरतलब है कि इस विवि के निर्माण से चार जिलों मंडी, बिलासपुर, कुल्लू और कांगड़ा के करीब 100 कॉलेजों को जोड़ने की योजना है।
मोदी सरकार ने क्लस्टर विवि का तोहफा दिया था। लेकिन उस वक्त फंडिंग का पेच फंसा रहा। विधानसभा चुनाव में भी क्लस्टर विवि का मुद्दा काफी उछला। अब इस विवि को स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है।
वीरभद्र सरकार ने बिगाड़े स्कूलों के परीक्षा परिणाम
सेंट बीड्स कॉलेज शिमला की तर्ज पर सूबे के अनुदानित कॉलेजों के प्राध्यापकों और स्टाफ को ग्रेच्युटी और अवकाश के बदले वेतन जैसे लाभ दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सरकार ने सरकारी स्कूलों के परीक्षा परिणाम बिगाड़ दिए थे। पूर्व सरकार ने अंधाधुंध शिक्षण संस्थान तो खोल दिए, लेकिन कहीं भवन तो कहीं अध्यापक नहीं थे।
यही कारण रहा कि सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी 99.5 फीसदी अंक ले रहे हैं जबकि प्रदेश शिक्षा बोर्ड के बच्चे 90 फीसदी को भी बड़ी मुश्किल से छू पा रहे हैं। सीएम सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक राकेश जंवाल, विनोद कुमार व जवाहर ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
पहले वीरभद्र सिंह को जगाकर कहनी पड़ती थी अपनी बात
सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में वह विधानसभा में प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ बोलने को उठते थे तो पहले संदेश भेज कर नींद से वीरभद्र सिंह को जगाकर अपनी बात कहने को मजबूर होते थे।
लेकिन अब समय बदल गया है। पहले सोए हुए लोगों की सरकार होती थी, अब जगे हुए लोग सरकार चला रहे हैं।
भ्रष्टाचार को जगह नहीं, ढाई माह में दर्शाया विजन
सीएम ने कहा कि प्रदेश में भारी वित्तीय संकट है। बावजूद इसके सरकार किफायत और मेहनत कर इस संकट से उबरेगी। सरकार बने महज ढाई माह हुए हैं लेकिन इस दौरान ईमानदारी के कार्य कर अपना विजन दर्शा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है।