सीएम ने मंच पर दिया ऐसा भाषण, हैरत में पड़ गए लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिंजर मेले के विधिवत समापन के दूसरे दिन सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के मंच पर सियासी रंग चढ़ गया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अध्यक्षीय भाषण में आगामी लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी के लिए समर्थन मांगा।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिर से प्रधानमंत्री बनना प्रदेश और देश के लिए जरूरी है। उन्हीं के कार्यकाल में चंबा को पिछड़े जिलों में शामिल किया है। इस फैसले से जिले को विकासात्मक कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि मिलेगी। ऐसे में भविष्य में भी पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से विकास की नई राहें खुलेंगी।
हैरत में पड़ गए लोग
उधर, मेले के पुरस्कार वितरण समारोह के मंच से सियासी भाषण पर मौजूद लोग भी हैरत में पड़ गए। मिंजर मेले में हर मंच को सियासत से दूर रखा जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का सियासी भाषण न सिर्फ समारोह उपस्थिति में बल्कि अन्य चंबा वासियों में भी चर्चा का विषय बन गया।
इस मौके पर खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, सदर विधायक पवन नैयर, भटियात विधायक विक्रम जरयाल, भरमौर विधायक जिया लाल कपूर, नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया, बैजनाथ विधायक मुल्खराज, उपायुक्त हरीकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका, एडीसी हेमराज बैरवा, सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुस्लिम लड़कियों की शादी को 25 हजार देगी सरकार
प्रदेश सरकार वक्फ बोर्ड के माध्यम से गरीब मुस्लिम परिवारों की लड़कियों की शादी को 25 हजार रुपये अनुदान देगी। मुस्लिम परिवारों को चिकित्सा उपचार के लिए पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता और वृद्धजनों, महिलाओं तथा शारीरिक रूप से अक्षम मुस्लिम लोगों को 400 रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाएगी।
यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को चंबा में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण योजना के शुभारंभ पर कही। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। कहा कि इस योजना से समाज के अल्पसंख्यक वर्गों का कल्याण सुनिश्चित होगा।
सीएम ने कहा कि प्रदेश के अल्पसंख्यक वर्ग की राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार ने पहली मंत्रिमंडल बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आयुसीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.30 लाख वृद्धजन लाभान्वित हुए हैं।
कहा कि सरकार मुस्लिम समुदाय के कब्रिस्तानों को पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाएगी। सभी उपायुक्तों को पर्याप्त भूमि चिन्हित करने के लिए कहा गया है। उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने के उपरांत चंबा में गुज्जर भवन का निर्माण किया जाएगा। सीएम जयराम ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय सहायता भी प्रदान की।
राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजबली ने मुख्यमंत्री और अन्य गण्यमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने गरीब परिवारों से संबंधित मुस्लिम लड़कियों को विवाह के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से चंबा में गुज्जर भवन का निर्माण करने का भी आग्रह किया।
आरएसएस दखल नहीं, सुझाव देता है: जयराम
सरकार में आरएसएस के दखल के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुप्पी तोड़ी है। परिधि गृह धर्मशाला में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान सीएम ने कहा कि आरएसएस कभी किसी भी किसी विषय को लेकर दखल नहीं, बल्कि सुझाव देता है। उसके बाद सुझाव के लिए आग्रह नहीं किया जाता है।
आरएसएस हमारा सोर्स ऑफ आइडियोलॉजी है। इसलिए इसके प्रति हमारा हमेशा श्रद्धा और आदर का भाव रहता है। आरएसएस के सुझाव की दृष्टि से अगर काम करने योग्य हो तो उस काम को किया जाता है। अगर स्पष्ट तौर पर कहूं तो आरएसएस सरकारी कार्य में दखल नहीं देता है। आरएसएस समाज का काम करता है। सीएम ने कहा कि वीरभद्र सिंह को भाजपा सरकार के आंतरिक कार्य करने की शैली के बारे में पता नहीं है।
एनजीटी की ओर से खारिज की गई सरकार की रिपोर्ट पर जयराम ठाकुर ने कहा कि वे पूरी डिटेल पता करेंगे। उन्हें अभी कोर्ट के निर्णय की पूरी जानकारी नहीं है। एनजीटी के आदेशों का पालन करने के लिए सरकार सजग है। पर्यावरण के संरक्षण की दृष्टि से सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा के प्रश्न पर सीएम ने कहा कि हमें ऐसी चर्चा की कोई जानकारी नहीं है।
मुख्यमंत्री चंबा से धर्मशाला जाते समय कुछ समय चायपान के लिए शाहपुर रेस्ट हाउस में रुके। शाहपुर में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थायी स्थापना के प्रश्न पर जयराम बोले - सरकार फिलहाल देहरा और धर्मशाला में शिलान्यास करवाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम को गगल से हवाई मार्ग से दिल्ली जाना था, लेकिन मौसम खराब होने के चलते उनका दिल्ली दौरा रद्द हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक थी, लेकिन बारिश की वजह से दिल्ली नहीं जा पाए। उन्हें धर्मशाला में रात्रि ठहराव करना पड़ेगा।