सीएम जयराम ने दिल्ली में नड्डा के घर पर नौकरशाही से की चर्चा, बढ़ी सियासी हलचल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नई दिल्ली रवाना हुए। मुख्य सचिव विनीत चौधरी और डीजीपी मरडी के अलावा कई अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव भी जयराम के साथ हैं।
हिमाचल कैडर के केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईएएस अफसरों के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के घर पर मुलाकात की। नड्डा के आवास पर भोजन के लिए अफसरों को बुलाया गया था।
केंद्र में प्रदेश की लंबित योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सेक्टरों में केंद्र से वित्तीय मदद के लिए अफसरशाही से सुझाव मांगे। इस दौरान नड्डा ने भी अधिकारियों को हिमाचल के लिहाज से संभावित योजनाओं के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने में प्रदेश अधिकारियों की मदद का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं को लेकर की चर्चा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार सुबह नई दिल्ली रवाना हुए। मुख्य सचिव विनीत चौधरी और डीजीपी मरडी के अलावा कई अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव भी जयराम के साथ हैं।
मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम नड्डा के आवास पर था, जहां केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर निदेशक, अतिरिक्त सचिव, संयुक्त सचिव और सचिव पद पर तैनात हिमाचल कैडर के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। प्रदेश के 26 नौकरशाह दिल्ली में प्रतिनिुयक्ति पर तैनात हैं।
दोपहर भोजन से पहले अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की। प्रदेश की वित्तीय स्थिति, केंद्र से मिल रही मदद और योजनाओं से अधिकारियों को अवगत करवाया गया।
अधिकारियों ने फीडबैक दिया कि किन योजनाओं में उपयोगिता प्रमाण पत्र मिलने में होने वाली देरी से केंद्रांश जारी करने में विलंब हो रहा है। केंद्र पोषित योजनाओं में हिमाचल के प्रदर्शन के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया।
समय से टारगेट पूरे होने पर प्रदेश को हर योजना में किस तरह अनुपूरक कार्ययोजना में अतिरिक्त बजट मिल सकता है, इसकी जानकारी भी दी गई। वरिष्ठ नौकरशाह अजय मित्तल सहित कई अधिकारी लंच डिप्लोमेसी का हिस्सा बने।
सीएम ऑफिस से बढ़ेगा तालमेल
जयराम सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है कि केंद्र में तैनात अधिकारियों का सीधा संपर्क मुख्यमंत्री कार्यालय से रहेगा। केंद्र को भेजे जाने वाले प्रस्तावों में किसी तरह की कमी होने पर अधिकारी सीएम ऑफिस में संपर्क करेंगे।
मुख्यमंत्री ऑफिस में तैनात अधिकारी दो दिन के भीतर प्रस्ताव में तय दिक्कतें दूर कर केंद्र को अवगत करवाएंगे। इससे केंद्र पोषित योजनाओं की स्वीकृति में तेजी आएगी। इतना ही नहीं, वर्ल्ड बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक के साथ समन्वय सुधारने में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
नड्डा जयराम की जुगलबंदी से बढ़ी सियासी हलचल
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ जुगलबंदी से प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ा दी है। जयराम के दिल्ली दौरों में नड्डा के आवास पर होने वाली बैठकों के बाद अब टॉप ब्यूरोक्रेसी के साथ चर्चा नए सियासी समीकरणों की ओर इशारा कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार ब्यूरोक्रेसी पर जयराम की पकड़ को मजबूत करने के लिए लंच डिप्लोसी भी नड्डा के दिमाग की उपज है। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्रियों के साथ जयराम का बेहतर तालमेल बनाने में भी दोनों सहयोग किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के विधानसभा चुनाव हारने के बाद जयराम की मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी ने नए समीकरण काम करने लगे हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले भी जयराम नड्डा के करीबी माने जाते हैं। शपथ लेने के बाद लगातार मुख्यमंत्री दिल्ली जाकर उनसे मिल रहे हैं।
जयराम का एक माह में दिल्ली का तीसरा दौरा है। हर दौरे में केंद्रीय मंत्री नड्डा की सक्रियता खूब दिखी। मुख्यमंत्री उनके आवास पर जाने का कार्यक्रम भी जरूर बनाते हैं। पिछली बार दोनों के बीच हुई अकेले में बैठक हुई।
सूत्रों की माने तो प्रदेश में हुए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में नड्डा की पसंद और नापसंद का मुख्यमंत्री कार्यालय ने ख्याल रखा। हिमाचल में प्रशासनिक तैनातियों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब जयराम सरकार बजट से पहले दिल्ली में अपनी व्यवस्था दुरुस्त करने में लग गई है। हिमाचल कैडर के अफसरों के साथ समन्वय बनाने में भी नड्डा पर भरोसा जताया।