कोरोना नियम दरकिनार: एक ही केंद्र में परीक्षा देने बुला लिए 763 विद्यार्थी
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कोविड-19 के नियमों को दरकिनार कर दिया। मंगलवार को प्रदेश भर में शुरू हुई दसवीं और जमा दो एसओएस की परीक्षा के दौरान बोर्ड ने नगरोटा बगवां स्थित एक सेंटर में 763 अभ्यर्थियों को एक ही समय में परीक्षा के लिए बुला लिया। इसके चलते सेंटर में जहां छात्रों की भीड़ जुटी रही। स्कूल गेट के बाहर और बाजारों में विद्यार्थियों के साथ अभिभावक नजर आए। कोरोना महामारी के इस दौर में नगरोटा बगवां क्षेत्र भी पॉजिटिव मामलों में अछूता नहीं है और सेंसेटिव क्षेत्र है। ऐसे में यहां इतने अधिक परीक्षार्थियों से परीक्षा दिलवाना कई सवाल खड़े कर रहा है। संबंधित विद्यालय के कार्यकारी प्रभारी सुमन धीमान ने बताया कि मंगलवार को यहां साथ लगते अन्य विधानसभा क्षेत्रों सहित 763 बच्चे एसओएस की परीक्षा देने आए थे। विद्यालय के भीतर इस परीक्षा के लिए हर प्रकार की आवश्यक तैयारी की गई थीं। यहां तक कि सुचारू व्यवस्था के लिए स्कूल के स्टाफ के अलावा साथ लगते कुछ अन्य स्कूलों से भी अध्यापक बुलाए गए थे।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में स्कूल ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी सूचित किया था। इस बारे एसडीएम शशिपाल नेगी से बात करने पर उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन की मांग पर उन्हें पुलिस की मदद मुहैया करवाई गई है। जबकि परीक्षा से एक दिन पहले स्कूल भवन को दमकल विभाग के माध्यम से सैनिटाइज भी कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि कोरोना के मद्देनजर एक ही सेंटर में परीक्षार्थियों की इतनी भीड़ इकट्ठी न हो इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड से भी बात की जाएगी। वहीं इस संदर्भ में स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि उन्हें इस बारे जानकारी नहीं है कि एक ही सेंटर में इतने अधिक छात्रों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। परीक्षा के दौरान स्कूल की क्षमता के अनुसार ही छात्रों की संख्या रखने को कहा गया है।