किन्नौर में ओवरटेक करते खाई में गिरी बस, 20 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के किन्नौर में एक प्राइवेट बस के गहरी खाई में गिरने से 20 लोगों की मौत को गई है। हादसे में 12 लोग घायल हैं जिन्हें भावानगर और रामपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा शाम करीब साढ़े तीन बजे हुआ है। यह निजी बस फ्रैंड्स कोच नंबर एचपी 62-2051 जिला किन्नौर के रिकांगपिओ से रामपुर के लिए आ रही थी।
जैसे ही नाथपा डैम के पास पहुंची कि अचानक गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार इस बस में कुल 32 लोग सवार थे जिनमें से 16 की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ा। इनमें दो ने भावानगर अस्पताल और दो ने रामपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया। सरकार ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
ओवरटेक कर रहा था चालक
बस में सवार लोगों के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। वह जैसे ही नाथपा डैम के पास एक गाड़ी से ओवरटेक करने लगा कि अचानक बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। कई लोगों के शव पहाड़ी पर बिखर गए जबकि कुछ लोगों को बस के मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग यहां पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों के साथ मिलकर घायलों को भावानगर अस्पताल पहुंचाया है। यहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें रामपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
प्रशासन ने जारी की मृतकों की सूची
हादसे में मरने वालों में राकेश कुमार गांव नित्थर कुल्लू, सुरेंद्र सिंह उसकी पत्नी संतोष कुमारी, गांव थरोला तहसील कोटखाई, अनित कुमार गांव निचार किन्नौर, सोनिया गांव कफोर चौरा और उसके बेटे अंशु, विक्रांत गांव ब्रुआ, मोहन लाल गांव काफनू किन्नौर, शमशेर सिंह गांव बरी किन्नौर, श्याम सुख गांव रूपी किन्नौर, उजय सिंह, मोती लाल गांव ब्रेलिंगी किन्नौर, भीष्म गांव आनी कुल्लू, कुलदीप गांव आनी कुल्लू, ठाकुर लाल किल्बा। इसके अलावा तीन मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मां ने मौके पर दम तोड़ा, बेटा अस्पताल में चल बसा
हादसे में चौरा निवासी सोनिया नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके ढाई वर्ष के बेटे अंशु की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। बस गिरती देख चालक ने बस से छलांग लगा दी। चालक सुरयान कोच नामक बस को ओवर टेक करने की कोशिश कर रहा था। चालक के बस को ओवर टेक करने की जिद ने कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया। किल्बा के रहने वाले पति पत्नी की भी हादसे में मौत हो गई।
ये रही घायलों की सूची
घायलों में भागजीत गांव सुंगराए, प्रहलाद सिंह बधाल तहसील रामपुर,हिरपाल सिंह शिगारचा रूपी किन्नौर, सुलेमान दत्तनगर रामपुर, गुलजार नोगली रामपुर, अरविंद रिस्पा किन्नौर, रविंद्र सिंह ग्रांगे किन्नौर, गोबिंद बारो, मोहम्मद रफी, सद्दाम हुसैन बधाल रामपुर, विद्या चंद बारो रकच्छम किन्नौर, उषा देवी किल्बा किन्नौर, राहुल शर्मा चंबा शामिल हैं।
अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई है। लोग अपने सगे संबंधियों का हाल जानने पहुंच रहे हैं। पुलिस के अनुसार मृतकों का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है। गौरतलब है कि जुलाई और अगस्त महीनों में ही तीन बस हादसों में 26 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग घायल हुए हुए हैं तथा कई लोग लापता भी हैं।
हिमाचल की भाग्य रेखा कहलाई जाने वाली सड़कें लोगों को सड़क हादसों में जख्म दे रही हैं। इसके बावजूद भी राज्य लोक निर्माण विभाग सड़क हादसों से कोई सबक नहीं ले रहा है। अंधे मोड़ दुरुस्त करने की योजनाएं कागजों में सिमट कर रह गई हैं।
सीएम ने जारी किए दिशा निर्देश
राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किन्नौर जिले के नाथपा के समीप हुई बस दुर्घटना में 20 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को राहत मैनुअल के अनुरूप तुरंत राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने दुर्घटना की न्यायिक जांच के निर्देश दिए हैं। यह जांच एसडीएम भावानगर नीलम दुलटा द्वारा की जाएगी। विधानसभा उपाध्यक्ष श्री जगत सिंह नेगी ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
नेगी ने कहा कि फौरी राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायलों को 15-15 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। परिवहन मंत्री श्री जी.एस. बाली ने बस दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।