कैंटर की टक्कर से मां की दर्दनाक मौत, दो बच्चे गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोलन के बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर एक कैंटर की चपेट में आने से बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला अपने पति के साथ बाइक पर बद्दी की ओर आ रही थी कि सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। उसके बाद चालक कैंटर लेकर फरार हो गया।
गंभीर अवस्था में महिला को स्थानीय अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के तहसील फतेहगढ़ के गांव नवादा दयोम निवासी संजीत कुमार बद्दी में कार्य करता है। वह बाइक पर अपनी पत्नी ज्योति व दो बच्चों के साथ बद्दी आ रहा था। जैसे ही वह किशनपुरा गांव के पास पहुंचा कि बद्दी की ओर से आ रहे एक कैंटर ने उसे टक्कर मार दी।
महिला के सिर पर लगी थी गहरी चोट
इससे वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ सड़क किनारे गिर गया। कैंटर चालक टक्कर मारने के बाद घटना स्थल से भाग गया। इस दौरान वह कैंटर का नंबर नहीं पढ़ पाया। इस घटना में उसकी पत्नी व बच्चों को चोटें आई। उसने घायल पत्नी और बच्चों को नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन पत्नी को सिर में चोट लगने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।
उसकी पत्नी ज्योति ने पीजीआई पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पति को सौंप दिया है। पुलिस ने 279, 337, 304 ए व 201 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बाइक और स्कूटी में टक्कर, एक की मौत
कांगड़ा के राजा का तालाब में बाइक और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी चालक की मौके पर मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार की गिरते ही मौत हो गई। इसके बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। वहीं, दूसरी ओर बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजा का तालाब के झाजवां (नेरना) में जसूर-तलवाड़ा सड़क पर बाइक सवार अविनाश कुमार पुत्र जगदीश चंद निवासी न्याजपुर (नूरपुर) जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार विकास विपरीत दिशा से आ रहा था। आमने सामने की टक्कर में विकास पुत्र रमेश चंद निवासी नेरना की मौत हो गई। बाइक चालक की टांग फ्रेक्चर हुई है।
गोविंद सागर झील में डूबा बच्चा
ऊना के बंगाणा के गांव ज्वालापुर (कोलका) में एक 10 वर्षीय बच्चे की गोबिंदसागर झील में डूबने से मौत हो गई है। बच्चे की पहचान रोहित पुत्र राजकुमार निवासी रायपुर मैदान, ज्वालापुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढे़ पांच बजे 10 वर्षीय रोहित गोबिंदसागर झील के किनारे गया हुआ था। अचानक रोहित का पैर फिसल गया और वह झील में डूब गया।
स्थानीय लोगों ने रोहित को बचाने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी देर बाद रोहित को कड़ी मशक्कत के बाद झील से बाहर निकाला। रोहित को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर बंगाणा पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।