डेरा बाबा रुद्रानंद में एक घंटे में हजार चपातियां बना रही मशीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के नारी गांव के डेरा बाबा रुद्रानंद के सदाव्रत लंगर में अब एक घंटे में एक हजार चपातियां बनेंगी। वो भी अत्याधुनिक मशीन से। डेरा में हाईटेक चपाती मेकर मशीन स्थापित कर दी गई है। डेरा प्रबंधन ने इसे लगभग आठ लाख रुपये में खरीदा है।
अब श्रद्धालुओं को लंगर में बेहतर गुणवत्ता युक्त गर्मागर्म चपातियां मिलेंगी। गौरतलब है कि तपोनिष्ठ श्रीश्री 1008 रुद्रानंद जी महाराज ने यहां 1850 में सदाव्रत लंगर शुरू किया था। यह लंगर आज तक चौबीस घंटे दिन रात जारी है। माना जाता है कि इस लंगर में अन्नपूर्णा का सदा वास रहता है, जो कभी खाली नहीं होता। पूरे उत्तर भारत में यह लंगर रुद्रू बाबा के नाम से मशहूर है।
डेरा प्रमुख वेदांताचार्य श्रीश्री 1008 सुग्रीवानंद जी महाराज ने बीते दिनों इस मशीन का शुभारंभ किया। इसके बाद इसे लंगर के लिए संचालित कर दिया गया।
डेरा बाबा रुद्रानंद ट्रस्ट के प्रबंधक राजेंद्र भारद्वाज ने बताया कि इस मशीन पर लगभग पौने आठ लाख रुपये ट्रस्ट ने खर्च किए हैं। मशीन लगभग पूरी तरह से ऑटोमैटिक है। इसमें मशीन द्वारा गुंधा हुआ आटा डालने के बाद एक ऑपरेटर की सहायता से गर्म चपातियां निकाली जा सकती हैं।
एक घंटे में इस मशीन में उच्च गुणवत्ता वाली एक हजार चपातियां बनाई जा सकती हैं। इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि डेरा के सदाव्रत लंगर की तरह ही यहां करीब ढाई सौ वर्षों से अखंड धूना प्रज्ज्वलित है। इसमें रात दिन हवन यज्ञ होता है। डेरा में पूरे उत्तर भारत से श्रद्धालु पहुंचते हैं।