मुझे घर पर जन्मदिन मनाना है- गुरु जी हेलीकॉप्टर कब आएगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरु जी हमें ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर कब आएगा? हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय भवन बालू में होली से रेस्क्यू कर ब्लॉक पांगी के 36 छात्र-छात्राओं में शामिल दस वर्षीय अनुष्का अपने शिक्षकों से बार-बार यही सवाल करती रही। वीरवार को अनुष्का का जन्मदिन था।
अल सुबह माता-पिता और भाई को याद करते हुए कई बार उसके आंसू भी छलक गए। अनुष्का हर साल अभिभावकों के साथ जन्मदिन मनाती है। लेकिन इस बार उसे शिक्षक दिलासा देते रहे। हालांकि, दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से अनुष्का समेत सभी बच्चों को पांगी पहुंचा दिया गया। उपमंडल होली में प्राथमिक पाठशालाओं की जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 816 छात्र-छात्राएं खराब मौसम के चलते फंस गए थे।
401 अध्यापक भी उनके साथ फंस गए। अन्य बच्चों और शिक्षकों को सड़क से पहुंचाया गया जबकि अनुष्का समेत 36 बच्चे पांगी ब्लॉक में अपने घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। उन्हें बताया गया कि वीरवार को हेलीकॉप्टर उन्हें एयरलिफ्ट कर घर पहुंचाएगा।
ऐसे में बच्चे लगातार शिक्षकों से हेलीकॉप्टर के आने को लेकर सवाल करते रहे। अनुष्का की तरह ही पांगी ब्लॉक के टेनजिन दोरजे, आरुषि, संगीता, राजेंद्र और राजेंद्र कुुमार ने कहा कि उन्हें घर की बहुत याद आ रही है। बाद में हेलीकॉप्टर से उन्हें पांगी घाटी ले जाया गया।
कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी के विधायक जियालाल कपूर ने वीरवार को जनजातीय क्षेत्र बालू में पहुंच कर बच्चों का कुशलक्षेम पूछा। वे बच्चों को पांगी के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना करने तक मौके पर मौजूद रहे। जिलाधीश चंबा हरिकेश मीणा ने बताया कि पांगी ब्लॉक के बच्चों को दो हेलीकॉप्टरों के जरिए पांगी पहुंचाया गया है। दिल्ली से हेलीकॉप्टर मंगवाए थे।