उपलब्धि: गूगल इंडिया में तकनीकी सलाहकार बने शौर्यन शर्मा, सालाना 50 लाख रुपये का पैकेज
सरकाघाट क्षेत्र के तताहर गांव के युवा तकनीकी विशेषज्ञ शौर्यन शर्मा ने प्रतिभा के दम पर देश की बड़ी तकनीकी कंपनियों में पहचान बनाई है। शौर्यन ने अब गूगल इंडिया में तकनीकी समाधान सलाहकार के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है।
विस्तार
मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र के तताहर गांव के युवा तकनीकी विशेषज्ञ शौर्यन शर्मा ने प्रतिभा के दम पर देश की बड़ी तकनीकी कंपनियों में पहचान बनाई है। शौर्यन ने अब गूगल इंडिया में तकनीकी समाधान सलाहकार के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्हें सालाना करीब 50 लाख रुपये का पैकेज मिला है। वर्तमान में वह हैदराबाद में कार्यरत हैं। तकनीकी क्षेत्र में शौर्यन की उपलब्धियों का दायरा यहीं तक सीमित नहीं है। उनके नाम अमेरिका में एक पेटेंट भी दर्ज है। यह पेटेंट इलेक्ट्रॉनिक डाटा रिकॉर्ड को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने की प्रणाली से संबंधित है।
शौर्यन ने स्कूली शिक्षा मॉडर्न दिल्ली पब्लिक स्कूल फरीदाबाद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। इसके अलावा एसीएम-वीआईटी के एप्टीट्यूड-21 हैकाथॉन में एप विकास के लिए उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। तकनीकी क्षेत्र में लगातार काम करते हुए उन्होंने अपनी विशेषज्ञता को और मजबूत किया। गूगल इंडिया से पहले शौर्यन ने करीब तीन वर्ष तक बैंक ऑफ अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म, एपीआई, सॉफ्टवेयर प्रणाली, साइबर सुरक्षा और डाटा सुरक्षा से संबंधित परियोजनाओं पर काम किया। बैंकिंग क्षेत्र में तकनीकी समाधान विकसित करने के अनुभव के बाद अब गूगल इंडिया में उन्हें तकनीकी समाधान सलाहकार की जिम्मेदारी मिली है।
परिवार में खुशी, मामा बोले- काम के प्रति समर्पित
शौर्यन के पिता विनोद कुमार शर्मा एनएचपीसी लिमिटेड में महाप्रबंधक (विद्युत) हैं और वर्तमान में एनएचपीसी मुख्यालय फरीदाबाद में कार्यरत हैं। उनकी माता कल्पना शर्मा उच्च शिक्षित हैं। शौर्यन के मामा राकेश शर्मा ने बताया कि वह शांत स्वभाव के हैं और अपने काम के प्रति काफी समर्पित रहते हैं।