बड़े भाई की अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे छोटे भाई की जीप से हुई टक्कर, अस्पताल में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार से अपने बड़े भाई की अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे छोटे भाई की सुंदरनगर बस स्टैंड के बाहर जीप की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे की है। जिस समय यह हादसा हुआ युवक बस से उतर कर बाहर चाय पीने के लिए जा रहा था। उसके सड़क पर पहुंचते ही धुंध में दूसरी ओर से आ रही जीप ने उसे टक्कर मार दी।
जीप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रूप चंद (41) पुत्र केशू राम निवासी गांव जेष्ठा डाकघर ठेला, भुंतर जिला कुल्लू के बड़े भाई की गत सोमवार को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। जिसके अंतिम संस्कार के उपरांत रूपचंद अपने बड़े भाई डाबे राम व भाभी के साथ अस्थि विसर्जन को हरिद्वार गया हुआ था।
लौटते हुए जब उनकी बस सुंदरनगर पहुंची तो चालक ने चाय पीने के लिए बस को बस स्टैंड के बाहर रोक दिया। रूपचंद बस से उतर कर जैसे ही ढाबे को जाने के लिए बस के पीछे से हाइवे पर आया तो भारी धुंध होने के कारण उसे दूसरी ओर से आ रही जीप नजर न आई।
जीप की जोरदार टक्कर से रूपचंद बुरी तरह से घायल हो गया जिसे फौरन नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।