सैकड़ों गांवों को सड़क से जोड़ने की तैयारी, सरकार ने बनाया ये प्लान
राज्य के दुर्गम इलाकों को सड़क सुविधा से जोड़ने के प्लान पर सरकार ने काम शुरू कर दिया है। इसके तहत सड़क सुविधा से वंचित प्रदेश के 700 गांवों को जल्द राहत मिलने वाली है।
इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए रोड मैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाना है।
सरकार के इस फैसले से सूबे के दुर्गम इलाकों के बाशिंदों को राहत मिलेगी। हिमाचल में यह मामला काफी समय से लटका हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुए लोक निर्माण विभाग की बैठक में ऐसे गांवों को सड़क से जोड़ने का प्लान तैयार करने को कहा गया है।
इन गांवों में ऐसे बनेगी सड़कें
इन गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार धन उपलब्ध कराती है। पहले सरकार ने 500 की आबादी वाले गांवों को सड़क से जोड़ा। अब ढाई सौ की आबादी वाले गांवों को जोड़ा जा रहा है।
सूबे में कई सड़कें ऐसी हैं, जिनका काम अधर में लटका है। इसका कारण वन विभाग की स्वीकृति न मिलना या फिर लोगों की आपसी रंजिश होना बताया जा रहा है। सरकार का मानना है कि सड़क के रोडमैप तैयार करने के दौरान अगर लोगों की जमीन बीच में आती है तो यह जमीन विभाग के नाम करनी होगी।
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एके चौहान ने बताया कि सरकार ने सड़क बनाने के लिए रोड मैप तैयार करने को कहा है। विभाग ने इस पर अपनी कसरत शुरू कर दी है।