{"_id":"5d0bc41d8ebc3e1dfb07bb34","slug":"156105217414-shimla-news68","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रशासन खुद तय करेगा सेब ढुलाई की नई भाड़ा दरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रशासन खुद तय करेगा सेब ढुलाई की नई भाड़ा दरें
Fri, 21 Jun 2019 01:18 PM IST
शिमला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Published by: शिमला ब्यूरो
Updated Fri, 21 Jun 2019 01:18 PM IST
विज्ञापन
उपायुक्त शिमला अमित कश्यप
- फोटो : फाइल फोटो
सेब सीजन के दौरान सेब ढुलाई का मनमाना किराया वसूलने वाले ट्रक और पिकअप ऑपरेटरों पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रशासन खुद सेब ढुलाई की दरें तय करेगा और निर्धारित दरों से अधिक वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में सेब सीजन की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने यह जानकारी दी। बैठक में बागवान संघ के प्रतिनिधियों के अलावा ट्रक यूनियन के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
विज्ञापन
उपायुक्त ने बताया कि सेब सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने का जिम्मा जिला पुलिस को सौंपा है। ट्रैफिक जाम की वजह से सेब की ढुलाई प्रभावित न हो और आम लोगों को भी आवाजाही में कोई दिक्कत पेश न आए इसके लिए खास इंतजाम होंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने बागवानों और ट्रक यूनियनों से भी सुझाव मांगे हैं।
विज्ञापन
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सेब सीजन शुरू होने से पहले मुख्य सड़कों और लिंक रोड को दुरुस्त करने के आदेश दिए ताकि बागवानों को अपना सेब मंडी तक पहुंचाने में कोई दिक्कत पेश न आए। उन्होंने एपीएमसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आढ़तियों की जांच पड़ताल पूर्ण रूप से करें। एपीएमसी के अधिकारियों को बागवानों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने एचपीएमसी और हिमफेड के अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करने के आदेश दिए ताकि बागवानों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर एमपीएमसी शिमला किन्नौर के चेयरमैन नरेश शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था प्रभा राजीव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
ज्यादा रेट के झांसे में न आएं बागवान
डीसी ने बागवानों से भी ज्यादा रेट के झांसे में न आने का आग्रह किया। कहा कि अधिक रेट के झांसे में आकर बागवान कई बार बाहरी क्षेत्रों से आए खरीददारों के चंगुल में फंस जाते हैं। उन्होंने बागवानों से फल मंडियों में पंजीकृत कारोबारियों को ही अपनी फसल बेचने का आग्रह किया।
आधार कार्ड से लिंक होंगे चालकों के पहचान पत्र
डीसी अमित कश्यप ने बताया कि सेब नियंत्रण कक्ष फागू में ट्रकों का पंजीकरण किया जाएगा तथा ड्राईवर और क्लीनरों के पहचान पत्र आधार कार्ड से लिंक किए जाएंगे। ट्रकों के गायब होने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह व्यवस्था की जाएगी।