कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, बुजुर्ग से की थी लाखों की लूट, दो गिरफ्तार
लुधियाना के गिल रोड स्थित निजी बैंक के बाहर कैश जमा करवाने आए व्यक्ति से 2.80 लाख रुपये लूटने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में मास्टरमाइंड कंपनी कर्मचारी समेत एक अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 43,500 रुपये और एक मोटर साइकिल बरामद की है।
गौरतलब है कि एक सितंबर की सुबह गिल रोड स्थित निजी बैंक में फाइन बैयरिंग में तैनात कुलजीत सिंह पैसा जमा करवाने पहुंचे थे। बैंक में प्रवेश करते वक्त बैंक के बाहर से तीन युवक उससे रुपयों का बैग छीनकर फरार हो गए। डिवीजन नंबर छह प्रभारी अमनदीप सिंह बराड़ ने नाकाबंदी में अरजिंदर सिंह उर्फ रोबिन उर्फ चाचा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बैंक के बाहर लूट की घटना को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। 29 अगस्त को वह गुरप्रीत सिंह कलसी के घर, हिमांशु मरवाहा, दीपक लालका, कशिश भिंडर, कुंतल सचदेवा, अभिजीत मंड, व मुदित सूद एक साथ मिले थे। मुदित सूद, कशिश भिंडर, अभिजीत ने बताया कि उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
उन्हें पैसे की जरूरत थी और सभी मिलकर कोई लूट करना चाहते थे। वहां पर मौजूद रोबिन ने बताया कि वह फाइन बैयरिगं कंपनी में काम करता है। उनके यहां से बैंक में पैसा जमा करवाने एक बुजुर्ग जाता है, जिससे आसानी से पैसा छीना जा सकता है। जिस दिन वह फैक्ट्री से पैसा जमा करवाने बाहर निकलेगा, वह सभी को सूचित कर देगा।
एक सितंबर को जब कुलजीत सिंह फैक्ट्री से पैसा जमा करवाने निकले तो सभी साथियों को रोबिन ने सूचना दे दी। योजना के तहत बैंक के बाहर पैसा लूटकर सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में दीपक लालका निवासी दीप नगर और अरजिंदर सिंह उर्फ रोबिन को गिरफ्तार कर लिया है।
जबकि छह अन्य आरोपियों की तलाश मे पुलिस छापेमारी कर रही है। फरार आरोपी अभिजीत मंड के खिलाफ पहले तीन, कशिश भिंडर पर दो, मुदित सूद पर तीन और कुंतल सचदेवा पर एक मामला दर्ज है।