मुद्दों से भटकती पंजाब की सियासत: निजी छींटाकशी पर उतरे नेता, जुबानी तल्खी के बीच गुम हो रहे असली मसले
पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है। एक साल में एक हजार किलो हेरोइन पाकिस्तान से धकेली जा रही है। वहीं प्रदेश पर चार लाख करोड़ का कर्जा है। एक दूसरे पर निजी हमलों के बीच नेता इन महत्वपूर्ण मुद्दों को भूल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में विधानसभा चुनाव में कुछ ही समय रह गया है। हालांकि अब मुद्दों की बात कम होने लगी है, इसकी जगह एक दूसरे पर व्यक्तिगत हमले अधिक हो गए हैं। पंजाब में तमाम राजनीतिक दल मुद्दों की बात से ज्यादा एक दूसरे पर छींटाकशी और व्यंग्य करने लगे हैं। काले व गोरे केजरीवाल को लेकर सीएम चन्नी व अरविंद केजरीवाल के बीच व्यक्तिगत सियासी तीर छोड़े जा रहे हैं वहीं नवजोत सिंह सिद्धू व सुखबीर और भगवंत मान के बीच भी भाषणों में तल्खी बढ़ने लगी है।
काले गोरे अंग्रेज की सियासत में उलझे नेता
पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग चल रही है। पंजाब के मोगा जिले के बधनी कलां में एक सभा को संबोधित करते हुए चन्नी ने काले अंग्रेज वाली टिप्पणी की। चन्नी ने कहा कि केजरीवाल कहते हैं कि पंजाब में अगली सरकार आप बनाएगी। उन्होंने कहा कि क्या पंजाब में लोग नहीं रहते। क्या पंजाब में युवा नहीं हैं। क्या पंजाब में पंजाबी नहीं हैं। क्या काले अंग्रेज यहां (राज्य) आएंगे और राज करेंगे। चन्नी ने कहा कि चिट्टे अंग्रेज (ब्रिटिश) को पहले देश से बाहर भगा दिया गया था और अब ये काले अंग्रेज पंजाब पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। चन्नी ने कहा कि हम कह रहे हैं कि पंजाब पंजाबियों का है, आप यहां व्यवधान पैदा न करें। ये बाहरी लोग काले अंग्रेज (राज्य पर) शासन करना चाहते हैं। इसके जवाब में केजरीवाल ने ट्वीट किया कि जबसे मैंने कहा कि (आप की सरकार बनने के बाद) पंजाब की हर महिला को 1000 रुपये महीना देंगे, चन्नी साहब मुझे गालियां दे रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्नी साहब, मेरा रंग काला है। पर पंजाब की मेरी मां बहनों को ये काला बेटा/भाई पसंद है। उनको पता है कि मेरी नीयत साफ है। आप नेता राघव चड्ढा ने चन्नी की काले अंग्रेज टिप्पणी पर एक बयान में कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने एक जिम्मेदार पद पर बैठ होने के बावजूद लांछन की सारी हदें पार कर दी हैं और यह शर्मनाक है।
पुलिस पर सिद्धू व सुखबीर की टिप्पणी... सियासी तंज तेज...
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने हाल ही में सुल्तानपुर लोधी में एक रैली के दौरान विधायक नवतेज सिंह चीमा की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि वह ‘थानेदार (पुलिस वाले) की पैंट गीली करा सकते हैं। इसके बाद सुखबीर ने सिद्धू पर व्यक्तिगत हमला बोल दिया। उन्होंने तल्ख शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि नवजोत सिद्धू तो पागल है, सब उसे मेंटल कहते हैं, हर स्टेज से सिद्धू पागलों जैसी बातें करते हैं। सब पार्टियां उसे पागल ही बोलती हैं। सुखबीर बटाला के गांव नवां पिंड मेहमोवल में वाहला के घर में ये बातें कहीं।
सुखबीर ने कुंवर विजय प्रताप पर लगाया आरोप, कुंवर बोले-आपको पता है आपका बाप कौन है ?
इसके अलावा सुखबीर बादल ने एक जनसभा में पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप पर करारा हमला बोला और कहा कि कुंवर थानों से 500-500 रुपये लेते रहे हैं। बेअदबी कांड के विरोध में इस्तीफा देकर पंजाब की राजनीति का हिस्सा बने कुंवर विजय प्रताप ने भी सुखबीर पर व्यक्तिगत हमला कर दिया। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि सुखबीर बादल ने एक रैली के दौरान कहा था कि प्रकाश सिंह बादल उनके पिता समान हैं, क्या उन्हें नहीं पता कि उनका पिता कौन है। सिद्धू को भी जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों पर गलत हमले किए गए हैं अब उनको पुलिस कर्मचारी और उनके परिवार वाले ही जवाब देंगे।
मान सिरे का शराबी, आप बोली शिअद से बदनाम कोई नहीं...
सुखबीर बादल ने भगवंत मान पर निजी हमला करते हुए कहा कि मान इस दर्जे के शराबी हैं कि एक बार भगवत मान ने शराब छोड़ने के लिए अपनी माता जी की सौगंध खाई थी और उसके कुछ दिनों के बाद शराब पीकर मां की सौगंध को भी झूठा साबित कर दिया। बादल ने चुटकी लेते हुए कहा कि आप प्रधान मान ऐसे शराबी हैं कि वैसे तो उनके सीएम बनने के चांस जीरो परसेंट हैं, लेकिन बाइचांस सीएम बन गए तो खुशी के मारे शराब में ही डूब जाएंगे। शिअद प्रधान के बयान पर बवाल होना ही था। आम आदमी पार्टी के प्रभारी राघव चड्डा ने उनके इस बयान के बाद शिअद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा है कि सुखबीर बादल आप प्रधान पर पर्सनल अटैक करने पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि बादल इस तरह के आरोप लगाकर ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्हें अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में शिअद से ज्यादा बदनाम पार्टी कोई भी नहीं है।
जुबानी हमलों के बीच पंजाब के ये मुद्दे गायब...
- पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है। एक साल में एक हजार किलो हेरोइन पाकिस्तान से धकेली जा रही है। नशे की दलदल में पंजाब धंसता जा रहा है।
- पंजाब पर चार लाख करोड़ का कर्जा सिर चढ़ चुका है, पंजाब कर्जे की दलदल में डूबता जा रहा है।
- पंजाब से हर साल 1.5 लाख युवा विदेशों का रूख कर रहे हैं।
- पंजाब में कैंसर तेजी से फैल चुका है, इलाज के नाम पर कैंसर के अस्पताल कम है।
- बेअदबी के मुद्दों पर आज भी लोग इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं।
- बेरोजगारी से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
- पंजाब का जलस्तर गिरता जा रहा है, धान की खेती में पानी की लागत काफी अधिक है।
- पंजाब पर आतंकवाद का खतरा मंडरा रहा है, टिफिन बम ड्रोन से भेजे जा रहे हैं।
- पराली से पंजाब की हवा खराब होती जा रही है, पराली प्रबंधन के लिए कुछ नहीं किया जा रहा।
- पंजाब से इंडस्ट्री पलायन करती जा रही है।