तीन दिन से कम हो रहे तापमान में शनिवार को कुछ बढ़ोत्तरी हुई, लेकिन गलन बरकरार रही। दिन में धूप के बावजूद शाम होते ही कोहरा छाने लगा और रात 10 बजे कोहरा इतना घना हो गया कि राह चलना मुश्किल हो गया।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अभी दो-तीन दिन ऐसे ही मौसम बना रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से ही पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। तीन दिन से तापमान में तेजी से कमी आ रही है।
हालत यह है कि शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। सोमवार से ही तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी लेकिन शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ा रहा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री की तुलना में मंगलवार को यह 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था जबकि बुधवार और गुरुवार को 15 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान भी सोमवार से बुधवार तक क्रमश: 12.7, 11.7, 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और शुक्रवार को 6.1 डिग्री रहा।
शनिवार को दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत लोगों ने महसूस की लेकिन शाम होते ही कोहरा छाने लगा। इस बीच अधिकतम तापमान शुक्रवार को 17 की तुलना में शनिवार को 20 तक पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि कोहरा अभी कुछ दिन तक घना रहेगा और तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।