जटाकटा हसंभ्रम भ्रमन्निलिंपनिर्झरी विलोलवीचिवल्लरी विराजमानमूर्धनि... नमो घाट पर शुक्रवार की शाम सुर, लय और ताल की जुगलबंदी देखने को मिली। मौका था, गंगा महोत्सव की पहली संध्या का। चार दिवसीय कार्यक्रम के आगाज ने आध्यात्म और आधुनिकता की छटा बिखेरी। मुक्ताकाशी मंच से पारंपरिक भजनों में इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और ''भजन क्लबिंग'' के इस अनूठे प्रयोग ने काशी के जेन-जी को अपना दीवाना बना लिया। घाट का माहौल इस कदर जीवंत था कि सुर, लय और ताल की यह गूंज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक राहगीरों के कानों में रस घोल रही थी।
2 of 6
गंगा महोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
गंगा की शांत लहरों के बीच जैसे ही बंगाल के युवा कलाकारों प्राची और राघव की जोड़ी ने मंच संभाला और ''गणपति बप्पा मोरया'' के जयकारे लगाए, पूरा नमो घाट एक सुर में गूंज उठा। इसके बाद शुरू हुआ भक्ति और मॉडर्न बीट्स का वह सिलसिला, जिसने युवाओं के कदमों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। ''शिव तांडव स्तोत्र'' की ओजस्वी प्रस्तुति पर जहां युवाओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ हाथ हवा में लहराए, वहीं ''जय हनुमान ज्ञान गुण सागर'' और श्याम भजनों पर जेन-जी की दीवानगी देखते ही बन रही थी। ''अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम'' की सुरीली तान ने घाट की शाम को एक रूहानी सुकून से भर दिया।
3 of 6
गंगा महोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
रात गहराने के साथ ही नमो घाट की सीढ़ियां किसी भव्य उत्सव के मैदान में तब्दील हो गईं। ''सीताराम, जयराम, श्री राम जय राम, जय जय राम'' और ''शिवधनुष राम ने तोड़ा है'' की प्रस्तुति ने युवाओं में गजब की ऊर्जा भर दी। माहौल तब और भी खास हो गया जब ''ठाकुर जी पधारे काशी में, राम जी पधारे काशी में'' की धुन पर जेन-जी झूम उठे। लगातार 10 मिनट तक चले नॉन-स्टॉप राम भजनों ने पूरे घाट को अयोध्या और काशी के संगम में रंग दिया।
4 of 6
गंगा महोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
करीब दो घंटे तक चली भजनों की इस बयार में श्रोता भक्ति के सागर में गोते लगाते रहे। ''ढोल बाजे ढम ढम'', ''गोविंदा आला रे आला रे, नंद का लाला रे'' और ''आज शुभ दिन आयो'' की धुनों पर युवाओं की टोलियां मस्ती में डूबी नजर आईं। कार्यक्रम के समापन की ओर बढ़ते हुए जब ''होली खेले रघुबीरा अवध में'' की तान छिड़ी, तो नमो घाट पर समय से पहले ही बनारसी फागुन का रंग बिखर गया। आयोजन के अंत में अपनी कला से समां बांधने वाले कलाकारों को मंच पर सम्मानित किया गया। अंत में भारत का बच्चा-बच्चा जय जय श्री राम बोलेगा ... पर जेन जी थिरके। हर हर महादेव के उद्घोष और ''सब मिलकर बोलो ओम नमः शिवाय...'' के साथ समापन की ओर बढ़ा।
5 of 6
गंगा महोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
दो घंटे पहले से ही पहुंचने लगे थे लोग
घाटों पर जेन-जी की भीड़ इतनी कि पांव रखना भी मुश्किल हो गया था। अलग-अलग गैलरी में लोग सामने से कार्यक्रम देखने के लिए आतुर दिखे। कार्यक्रम का समय 7 बजे था, लेकिन लोग 5 बजे से ही बसों और अन्य निजी वाहनों से शाम को कार्यक्रम के शुभारंभ के 30 मिनट बाद से ही जगह फूल होने लगी थी। बसंता कॉलेज हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने गैलरी और सीढ़ियों पर बैठकर कार्यक्रम देखा। जिसे जहां जगह मिली, वह वहीं जैमिंग की बीट्स पर थिरकने लगा था।