काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 71वें गणतंत्र दिवस समारोह पर कुलपति प्रोफेसर राकेश भटनागर ने एनसीसी कैडेटों के परेड की सलामी ली। परेड का निरीक्षण करने के बाद कुलपति ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पदक, स्मृति चिन्ह से सम्मानित कर देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
गणतंत्र दिवस पर रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल, एयर विंग के कैडेटों की प्रतिभा को सलाम
रक्षा मंत्री पदक पाकर राहुल शर्मा ने बढ़ाया मान
बीएचयू 89 बटालियन एनसीसी के कैडेट राहुल शर्मा ने रक्षा मंत्री पदक पाकर मान बढ़ाया। बेस्ट कैडेट की श्रेणी में देशभर में केवल दो कैडेटों को ही पदक मिला है। समारोह में कुलपति ने राहुल को सम्मानित किया। बातचीत में राहुल ने बताया कि वह सेना में जाकर देश सेवा करना चाहते हैं।
बीएचयू के गणतंत्र दिवस समारोह में एयर विंग के कैडेटों ने एयरक्राफ्ट उड़ाया तो 89 बटालियन के कैडेटों ने सीमा पर घुसपैठ के दौरान दुश्मनों के बंकर को तबाह करने का साहसिक प्रदर्शन कर भारतीय सेना के पराक्रम को दिखाया।
एंफिथिएटर ग्राउंड पर आयोजित समारोह में सेंट्रल हिंदू गर्ल्स और ब्यॉयज स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रबीर बारिक, 89 बटालियन के कमांडिंग आफिसर कर्नल एसके शर्मा, बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रोफेसर एमके सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी रॉय आदि लोग मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी सभागार में किया ध्वजारोहण
वाराणसी के कमिश्नरी सभागार में आयोजित 71वें गणतंत्र दिवस समारोह में कमिश्नर से खुद झंडारोहण न कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से झंडारोहण कराया। काशी विद्यापीठ ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पुष्पा रानी और इसी ब्लॉक की आंगनबाड़ी सहायिका सरिता पटेल ने ध्वजारोहण किया।
इसके पहले भी कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने 15 अगस्त के मौके पर कमिश्नरी कैंपस में झंडारोहण का कार्यक्रम सफाई कर्मचारियों से कराया था। इस बार उन्होंने गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि निमंत्रण भेजा। इन्हीं के हाथों कमिश्नरी परिसर में झंडारोहण का कार्यक्रम संपन्न कराया। संविधान और देश की रक्षा के लिए संकल्प भी इन दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ही संपन्न करवाया।