डाला छठ के चार दिवसीय महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को सुबह घाटों से लेकर कुंडों, तालाबों और सरोवरों तक आस्थावानों का हुजूम उमड़ा रहा। 36 घंटे का उपवास रखकर महिलाओं ने उदीयमान भगवान भास्कर को अंतिम अर्घ्य देकर अपनी अर्जी लगाई। शहर के घाटों के अलावा कुंडों और ग्रामीण इलाकों के तालाबों व सरोवरों पर मेले जैसा माहौल रहा। गाजे-बाजे की धुन के साथ छठ गीतों की स्वर लहरियां बिखर रही थीं। व्रतियों ने सुख-शांति, संतान की लंबी उम्र और घर में खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। बच्चे झूले झूलने, खिलौनों से खेलने और पटाखे-आतिशबाजी करने में मशगूल थे।
2 of 7
काशी में छठ महापर्व
- फोटो : अमर उजाला
शहर के शास्त्री घाट पर आसपास की कॉलोनियों के अलावा बड़ागांव, पिंडरा, हरहुआ, चिरईगांव आदि ब्लॉकों से परिवार के साथ आईं व्रती महिलाएं पूरी रात घाट पर ही छठ माता की आराधना में लीन रहीं। भोर में ही वेदियां रोशन हो गईं। सुबह पांच बजे भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं अपनी-अपनी वेदियों पर विविध नैवेद्यों से पूरित डाला और सूप रखकर पूजा में लीन हो गईं। वे उगते सूरज का इंतजार करती रहीं।
3 of 7
काशी में छठ महापर्व
- फोटो : अमर उजाला
जैसे ही आसमान में छाई धुंध के बीच सूर्यदेव की लालिमा धरा पर पड़ी, व्रतियों ने हाथ जोड़कर वंदन किया। फिर वरुणा के तट पर उन्हें दूध और जल से अर्घ्य देने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ महिलाओं ने वैदिक ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच अर्घ्य दिया। ज्यादातर महिलाएं खुद ही अर्घ्य दे रही थीं। छठ पूजा के प्रति श्रद्धाभाव रखने वाले महिला और पुरुष भी घाटों पर पहुंचे थे। वे भी दूध से व्रतियों को अर्घ्य दिला रहे थे। करीब एक घंटे तक अर्घ्य देने का सिलसिला चला। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को लंबा सिंदूर लगाया। पुरुषों को टीका लगाया।
4 of 7
काशी में छठ महापर्व
- फोटो : अमर उजाला
पूजा खत्म होते ही मां का पूजित प्रसाद लेने के लिए महिलाएं आंचल फैलाए रहीं। सुख-समृद्धि की कामना के साथ महिलाओं ने अपना व्रत पूरा किया। एक-दूसरे को सिंदूर लगाने के साथ ही प्रसाद का वितरण किया। पूजा समितियों ने भी घाट पर आने वाले लोगों में प्रसाद बांटा। मंदाकिनी कुंड, लक्ष्मी कुंड, रामकुंड, सूरज कुंड, सुर सरोवर, ईश्वरगंगी, बकरिया कुंड, लाट भैरव पोखरा, आदित्यनगर पोखरा आदि कुंडों पर भी महिलाओं ने पूजन कर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
5 of 7
काशी में छठ महापर्व
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही धूम
ग्रामीण क्षेत्र के सिंधोरा, मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर बंगला चट्टी स्थित प्राचीन शिव मंदिर तालाब, खोंचवां, मेहदीगंज, पिलोरी, भिखारीपुर, रामनगर के बलुआघाट, चोलापुर के गोसाईपुर मोहाव पोखरा, बिंदु सरोवर कंदवा, शिवपुर क्षेत्र के राम भट्ट तालाब, आल्हा-काल्हा पोखरा, शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर, भास्करा तालाब केशरीपुर, प्राचीन शिवधाम मंदिर दरेखू, मोहनसराय पोखरा, पिंडरा क्षेत्र के सिंधोरा, फूलपुर, खालिसपुर, मंगारी, कुआर, कठिराव, हरहुआ क्षेत्र के रामभाला पोखरा पर भी भीड़ रही।