सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सतही ज्ञान से सफलता नहीं मिल सकती। लक्ष्य पर नजर रखें और कड़ी मेहनत को अपना हथियार बनाएं, लक्ष्य जरूर मिलेगा। ये बातें बुधवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान को लगातार बढ़ाते रहें।
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने 10वीं और 12वीं के 70 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि समय बदल रहा है। दिन-प्रतिदिन स्पर्धाएं और कठिन होती जा रहीं हैं। नई जानकारी से हमेशा अपडेट रहें और लक्ष्य पर निगाह रखें।
कड़ी मेहनत का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। यूपी बोर्ड के साथ सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत करने के साथ ही जिलाधिकारी ने अपने छात्र जीवन के निजी अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान एक शिक्षक सभी बच्चों से पूछ रहे थे कि भविष्य में क्या बनोगे। मेरी बारी आई तो मैंने कहा कि कलेक्टर बनूंगा। जबकि कलेक्टर क्या होता है, शायद मुझे पता भी नहीं था।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आपने जो शुरुआत की है, उसे सतत बनाए रखें। आपकी ऊर्जा से ही यह देश रोशन होगा। बशर्ते अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना होगा। सिद्धांत जिंदगी जीने का आधार होते हैं, लेकिन व्यावहारिक ज्ञान हर रोज की समस्याओं से निपटने के सूत्र होते हैं।
जीवन में प्रैक्टिकल रहें। सच्चाई से भागने की जरूरत नहीं है, उसका डटकर सामना करने की जरूरत होती है। बीच-बीच में अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संतोष सिंह ने किया।