वाराणसी के छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में अग्निवीर सेना भर्ती बुधवार की सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। पहले दिन गोरखपुर के बांसगांव और चौरी चौरा तहसील के 2300 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ लगाई, जिसमें 300 ही पास हुए। दौड़ में पास हुए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। चयन भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने आए कुछ अभ्यर्थियों ने मैदान में कांटे होने की शिकायत की। आरोप लगाया कि पैर में कांटे चुभने की वजह से वह दौड़ नहीं सके। गुरुवार को गोरखपुर के खजनी और गोरखपुर तहसील के अभ्यर्थियों की दौड़ होगी।
छह दिसंबर तक चलने वाली अग्निवीर चयन भर्ती में सुबह छह बजे रणबांकुरे मैदान में गोरखपुर के बांसगांव और चौरी चौरा तहसील के 3505 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जिसमें दोनों तहसील से 2300 अभ्यर्थी ही दौड़ में शामिल हुए। 300 अभ्यर्थियों ने पहली बाधा को पार किया। छावनी क्षेत्र में अग्निवीर सेना भर्ती अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कैंट स्टेशन से रणबांकुरे मैदान तक जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
2 of 7
वाराणसी के छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में अग्निवीर सेना भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
पहले दिन दौड़ में सफल हुए 300 अभ्यर्थियों को अलग करते हुए दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके पूर्व अभ्यर्थियों का मैदान में एडमिट कार्ड, शक्तिवर्धक दवा, लंबाई बूथ से गुजरना पड़ा। इसके अलावा शारीरिक दक्षता बूथ अलग से बनाया गया।
3 of 7
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार चयन भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में हो रही है। आर्मी इंटेलिजेंस के साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई, कमिश्नरेट पुलिस और एसटीएफ अलर्ट है। किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील है कि वह किसी के भी झांसे में न आए।
4 of 7
रेलवे स्टेशन पर अग्निवीर अभ्यर्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
अग्निवीर सेना भर्ती में दौड़ के लिए 200-200 अभ्यर्थियों का बैच बनाया गया है। प्रत्येक बैच में 20 से 25 अभ्यर्थी ही सफल हो पा रहे हैं। उधर, सफल हुए अभ्यर्थियों को मैदान की दूसरी ओर अन्य दस्तावेजों की जांच के लिए बैठाया जा रहा है। स्कैनिंग सिस्टम के जरिए दस्तावेज का सत्यापन संभव हो पा रहा है। वहीं, रणबांकुरे मैदान के आसपास अभ्यर्थियों की मदद के लिए सेना कार्यालय की ओर से हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
5 of 7
अग्निवीर रैली भर्ती के लिए जाते अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
सुबह से लेकर रात तक अभ्यर्थियों के कैंट स्टेशन और सिटी स्टेशन, बनारस स्टेशन पर पहुंचने का क्रम जारी है। इसके अलावा कैंट रोडवेज बस स्टेशन पर भी बसों से अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं। रोडवेज चौकी को अलर्टमोड पर रखा गया है।