सहारनपुर के पॉश इलाके मिशन कम्पाउंड से महिला की गोद से बालक के अपहरण के मामले में नया खुलासा सामने आया है। आरोपियों ने जिसे बच्चा बेचा था उसका नाम ओमपाल बताया जा रहा है। बेटे की चाहत ने ओमपाल से यह बड़ा अपराध करा दिया। ओमपाल एक राशन डीलर है जिसके कोई भी बेटा नहीं है। पहली शादी से उसे तीन बेटियां हैं, जबकि ओमपाल को बेटे की चाहत है।
UP: दो शादियों के बाद भी पूरी न हुई बेटे की चाहत, तीन बेटियों के पिता ने दो लाख में किया बच्चे का सौदा
गिरफ्तार आरोपी कुलदीप शर्मा गांव मिर्जापुर और राशन डीलर गांव अंबेहटा चांद का रहने वाला है। इनके फरार साथी का नाम विकास टंडन निवासी मिर्जापुर बताया जा रहा है। पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि खलासी लाइन निवासी हीना पत्नी संतोष कुमार गरीब परिवार से हैं और भिक्षा मांगकर गुजारा करती हैं। शुक्रवार की रात पौने 12 बजे मिशन कम्पाउंड में खेमका सदन में एक शादी समारोह चल रहा था और हीना पास में ही बैठी थी। तभी कुलदीप हीना की आंख में मिट्टी डाल उसके सात माह के पुत्र शिवा को छीन कार में बैठकर अपने साथी विकास के साथ फरार हो गया।
कुलदीप और विकास ने राशन डीलर ओमपाल से बच्चे का सौदा दो लाख रुपये में तय किया था। पैसे बच्चा मिलने पर दस दिन बाद देने थे। एसएसपी डाक्टर विपिन टांडा ने बताया कि कुलदीप और विकास पूरे दिन शहर में बच्चे की तलाश में घूमते रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन के पास इनको बच्चे की एक गरीब महिला हीना घूमती मिली। कुलदीप और विकास ने हीना से कहा कि उन्हें बच्चे को पैसे दान में देने हैं। तुम्हारी गोद में बेटी है या बेटा है। हीना ने बताया कि उसके दो बेटियां है और गोद में सात माह का पुत्र शिवा है। इसके बाद आरोपियों ने शिवा के नाम से हीना को 50 रुपये दिए।
रेलवे स्टेशन से हीना खेमका सदन इस उम्मीद में पहुंची थी कि उसे वहां चल रहे शादी समारोह में आने जाने वालों से कुछ रुपये मिल जाएंगे। वह जब खेमका सदन के पास बैठी थी, तभी से आरोपी भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और कुलदीप उससे बच्चा छीन कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। एसएसपी ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए कोतवाली सदर बाजार और एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया था। कुलदीप ने हीना की आंखों में मिट्टी फेंककर शिवा को छीना था और विकास के साथ कार में लेकर उसे फरार हो गया था। कुलदीप और ओमपाल को उनके गांवों से गिरफ्तार किया गया है।