Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   The boy before Rahul: Sonia Gandhi on her day-old child’s death

सोनिया की किताब में खुलासा: पहले बेटे की हुई थी मौत, फूट-फूटकर रोए थे राजीव; इंदिरा को रद्द करना पड़ा था दौरा

Tue, 10 Nov 2026 04:20 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Tue, 10 Nov 2026 04:20 PM IST
सार

राहुल गांधी से पहले भी राजीव और सोनिया गांधी के एक बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन उसकी मौत हो गई। इस दुख ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया था। सोनिया ने अपनी किताब में पहली बार उस दर्दनाक घटना का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि बेटे को नदी में प्रवाहित करने की बात पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया था। आखिर उस बच्चे के साथ क्या हुआ और राजीव-संजय ने उसे कहां दफनाया था? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
The boy before Rahul: Sonia Gandhi on her day-old child’s death
सोनिया गांधी - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

सितंबर 1968 की एक सुबह गांधी परिवार में खुशियां छा गई थीं। सोनिया गांधी के गर्भवती होने की खबर मिली थी। परिवार के सभी लोग खुश थे। आमतौर पर सख्त चेहरे वाली इंदिरा गांधी भी यह खबर सुनकर अपनी खुशी नहीं रोक पाईं। उन्होंने होने वाली मां सोनिया को गले लगाया और चूमा। इसके बाद हंसते हुए कहा- एक बड़ा बच्चा एक और बच्चे को जन्म देने वाला है! लेकिन यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं रह सकी।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 1969 को एक बेटे को जन्म दिया। सामान्य प्रसव से जन्मा यह बच्चा तय समय से दो महीने पहले पैदा हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन यह खुशी सिर्फ एक दिन तक ही रही। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में पहली बार इस दुख को खुलकर बताया है। यह किताब मंगलवार को बाजार में आई है। सोनिया ने लिखा है कि उनके पति राजीव गांधी और देवर संजय गांधी ने बच्चे को मेहरौली स्थित अपने पिता के फार्महाउस में दफनाया था।
विज्ञापन


जन्म के बाद बेटे को पहली बार देखकर कैसा लगा था?
सोनिया गांधी लिखती हैं, जब बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया, तो मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी। बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए। वह बहुत छोटा, पूरी तरह विकसित एक सुंदर बच्चा था। उसके घने काले बाल थे और उंगलियां लंबी और पतली थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन


वह आगे लिखती हैं, हम दोनों उसे देखते रहे। राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था। हमें उससे पहली ही नजर में प्यार हो गया था। हार्परकॉलिन्स की ओर से प्रकाशित इस किताब में सोनिया ने अपने जीवन के इस बेहद निजी और भावुक पल का जिक्र किया है। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही। राजीव को पहले ही बता दिया गया था कि बच्चे के बचने की उम्मीद को लेकर संदेह है।

सुबह साढ़े छह बजे क्या हुआ था?
सोनिया गांधी लिखती हैं, एमी आंटी उनके पास थीं। सुबह साढ़े छह बजे जब बच्चे की मौत हुई, तो राजीव ने मुझे बहुत धीरे से यह बात बताई। वह आगे लिखती हैं, नहीं, ऐसा नहीं हो सकता! क्यों, क्यों?' मैं बार-बार यही पूछती रही। हम दोनों सदमे में थे और हमारा दिल टूट गया था। हमने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया। मैं फूट-फूटकर रोई। राजीव की परवरिश भले ही अपनी भावनाएं जाहिर न करने वाली रही थी, लेकिन वह भी बहुत ज्यादा रोए। एमी कृष्णा इंदिरा गांधी के स्टाफ का हिस्सा थीं।

ये भी पढ़ें: सोनिया की किताब में खुलासा: राजीव की हत्या से पहले किसने जताई थी अनहोनी की आशंका? इंदिरा के गुस्से का भी जिक्र

बेटे की मौत की खबर मिलते ही इंदिरा गांधी ने अपना दौरा बीच में ही रोक दिया। वह उस समय शहर से बाहर थीं। खबर मिलते ही अस्पताल पहुंच गईं। सोनिया लिखती हैं, उन्होंने हमें गले लगाया। उनकी आंखें लाल थीं और सूजी हुई थीं। वह काफी देर तक हमारे साथ बैठीं। उन्होंने कहा कि वह हमारे साथ ही रहना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अपना दौरा पूरा करना था। अगली सुबह वह जल्दी ही वहां से चली गईं। वह बहुत दुखी थीं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को भी इस खुशी के मौके का लंबे समय से इंतजार था।

बच्चे की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर सवाल खड़ा हुआ। हिंदू परंपरा के अनुसार, नवजात बच्चे का अंतिम संस्कार दाह संस्कार के रूप में नहीं किया जा सकता था। सोनिया गांधी लिखती हैं, नवजात बच्चे को आमतौर पर नदी में प्रवाहित कर दिया जाता था। उसे किसी भी कब्रिस्तान में दफनाया नहीं जा सकता था। न तो ईसाई कब्रिस्तान में, क्योंकि वहां ऐसा करने से विवाद खड़ा हो सकता था और न ही पास के पारसी कब्रिस्तान में। आखिर हम क्या करते? मैं दुख से पूरी तरह टूट चुकी थी। मैं उनकी बातें सुन रही थी। मेरे अंदर कुछ बोलने या प्रतिक्रिया देने की ताकत नहीं थी।

बच्चे को नदी में प्रवाहित करने से इनकार क्यों किया?
बच्चे को नदी में प्रवाहित करने की बात सुनकर सोनिया को एक पुरानी घटना याद आ गई। उन्होंने ओखला बैराज में एक पुरुष का फूला हुआ शव देखा था। शव की यात्रा कचरे के ढेर की वजह से रुक गई थी। पानी का बहाव शव को किनारे तक ले आया था। वहां भूखे आवारा कुत्ते उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे।

इस घटना को याद करते हुए सोनिया लिखती हैं, 'नहीं', मैंने धीरे से कहा। चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में फेंकने नहीं दूंगी।' 'नहीं, मैं अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं कर सकती। चाहे वह नदी कितनी भी पवित्र क्यों न हो।' यह कहते हुए मैं फूट-फूटकर रोने लगी। मैं अपने इतने छोटे बच्चे के साथ ऐसा करने की इजाजत कैसे दे सकती थी? वह पहले ही जीने का मौका खो चुका था। यह काम मुझे उसके लिए बिल्कुल अजनबी और निर्दयी लग रहा था।

आखिर कहां दफनाया गया सोनिया-राजीव का पहला बेटा?
आखिरकार बच्चे को मेहरौली में फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला हुआ। सोनिया गांधी लिखती हैं, यह बहुत दर्दनाक और तकलीफदेह विकल्प था। लेकिन हमारे पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था। राजीव अस्पताल लौटे और उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने और संजय ने बच्चे को एक खूबसूरत गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे गहराई में दफना दिया है। उस समय झाड़ी पर पूरी तरह फूल खिले हुए थे। यह जगह अंदर की चारदीवारी के बाईं ओर थी।

सोनिया आगे लिखती हैं, लंबे समय तक जब भी हम वहां जाते थे, तो कुछ देर रुकते थे और उस जगह पर एक फूल रख देते थे। इससे हमारा दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन हमें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।

सोनिया का ख्याल कैसे रखती थीं इंदिरा गांधी?
बच्चे की मौत से पहले के दिन सामान्य थे। इंदिरा गांधी सोनिया को खानपान, टहलने और व्यायाम को लेकर सलाह देती थीं। सोनिया लिखती हैं, अपनी मां के सामने मैं जिस बात पर साफ मना कर देती, वैसा मैं राजीव की मां के सामने नहीं कर पाती थी। उस समय मुझमें इतना साहस नहीं था कि उनकी बात का विरोध कर सकूं। 
वह आगे लिखती हैं, मेरी नियमित जांच होती थी। मुझे कोई परेशानी नहीं थी। बस इतालवी खाना नहीं मिल पाने का दुख था। इसके अलावा मुझे जामुन और फालसे जैसे फल खाने की नई इच्छा होने लगी थी। मुझे फैंटा नाम का संतरे के स्वाद वाला पेय भी बहुत पसंद आने लगा था। मैं रोज इसके 12 गिलास पी जाती थी!

सोनिया खुद को दोषी क्यों मानने लगी थीं?
पहली संतान को खोने का सदमा सोनिया गांधी को लंबे समय तक परेशान करता रहा। वह खुद को उदास, कमजोर और दोषी महसूस करने लगी थीं। इसी दौरान जब राजीव और सोनिया अपने पहले बच्चे को खोने के दुख से उबरने की कोशिश कर रहे थे, तभी दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार ने एक लेख प्रकाशित किया।

इस लेख की हेडलाइन थी- इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं। इस लेख के शब्दों ने सोनिया को गहरा दुख पहुंचाया।

वह लिखती हैं, उन शब्दों के जहर ने मेरे दिल पर गहरा घाव कर दिया। लोग इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं? मैंने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए मुझे इतनी नफरत झेलनी पड़ी? उस दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी से लगी चोट ने मेरे बच्चे को खोने का दर्द और बढ़ा दिया। इससे मेरे अंदर अपनी कमी का एहसास भी और गहरा हो गया। 

दुख के बाद फिर कब मिली खुशखबरी?
समय बीतने के साथ सोनिया का दुख धीरे-धीरे कम होने लगा। वह लिखती हैं कि धीरे-धीरे दुख के बादल छंटने लगे थे। उसी साल अक्तूबर में सोनिया ने राजीव को एक और खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि वह फिर से गर्भवती हैं। सोनिया लिखती हैं कि वह इस खबर से बहुत खुश थीं, लेकिन मन में डर भी था। इसके बाद 19 जून 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया।

सोनिया ने बताई मेनका से रिश्ते खराब होने की पूरी कहानी
साल 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका गांधी से कराई गई थी। उस समय मेनका एक खूबसूरत और हंसमुख लड़की थीं। वह संजय से 10 साल छोटी थीं। उस समय वह नाबालिग भी थीं। एक साल के अंदर दोनों की शादी हो गई। उस समय मेनका 18 साल की थीं। शादी के बाद वह गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में यह बात लिखी है।

सोनिया गांधी ने इस किताब में उस लड़की की कहानी बताई है, जो अपने जोशीले और बातूनी स्वभाव के लिए जानी जाती थी। वह परिवार की 'छोटी बहू' बनीं। इसके बाद परिवार और राजनीति में कई तरह के विवाद शुरू हुए। आज के दौर में इस पूरे घटनाक्रम को 'रियलिटी शो' कहा जा सकता है।

सोनिया गांधी किताब में लिखती हैं, 'मेनका...बहुत जोश से भरी हुई थीं। शुरुआत में घर में एक छोटी उम्र की देवरानी का होना अच्छा लगा। लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा। घर में छोटी-छोटी बातों पर परेशानियां होने लगीं'।

हार्परकॉलिन्स इंडिया ने इस किताब को प्रकाशित किया है। यह किताब 526 पन्नों की है। इसमें सोनिया गांधी के जीवन की पूरी कहानी बताई गई है। इसमें युद्ध के बाद इटली में उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में उनकी शादी और उनके पति राजीव गांधी की हत्या का जिक्र है। इसमें राजनीति में उनके आने की कहानी भी शामिल है।

घर में बहुरानी और छोटी बहू के बीच कैसे बढ़ीं दूरियां?
घर के कर्मचारी सोनिया गांधी को 'बहुरानी' कहकर बुलाते थे। सोनिया का मानना था कि वह और मेनका घर की बराबर की बेटियां हैं। दोनों के बीच रहने और अपनी जगह बनाने के लिए पर्याप्त जगह थी। लेकिन मेनका शायद इसे अपने अपमान के रूप में देखती थीं।

ये भी पढ़ें: मनमोहन सिंह को क्यों चुना पीएम?: सोनिया गांधी ने किताब में खोला राज, प्रणब मुखर्जी की महत्वकांक्षा का भी जिक्र

सोनिया लिखती हैं, 'लेकिन शायद उन्होंने इसे अपनी बेइज्जती समझा। जब वह मुझसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो घर में शांति बनाए रखने के लिए मैं आमतौर पर चुप रहती थी। लेकिन जब मुझे लगता था कि बात हद से आगे बढ़ गई है, तो मैं भी चुप नहीं रहती थी। मैं भी उन्हें छोटा और सख्त जवाब देती थी'।

शादी के कुछ ही समय बाद संजय और मेनका के बीच मतभेद परिवार के दूसरे लोगों को भी दिखने लगे। दोनों के बीच बहस तेज होने लगी। उनकी आवाजें भी ऊंची होने लगीं। सोनिया लिखती हैं, 'जब वह नाराज होती थीं, तो गाली-गलौज करने लगती थीं। यहां तक कि मेरी सास के सामने भी वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जिन्हें घर में बोलना मना था। इससे संजय शर्मिंदा होते थे और हम सभी हैरान रह जाते थे'।

वह आगे लिखती हैं, एक मिल-जुलकर रहने वाले परिवार में रहना किसी ऐसी युवा लड़की के लिए आसान नहीं हो सकता था, जिसका स्वभाव मिलनसार और लोगों से घुलने-मिलने वाला हो। सोनिया आगे लिखती हैं, लंबे समय तक जब भी हम वहां जाते थे, तो कुछ देर रुकते थे और उस जगह पर एक फूल रख देते थे। इससे हमारा दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन हमें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।

राजनीति में आने के बाद क्या बदला?
किताब के मुताबिक, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और सभाओं में जाने लगीं, तो वह परिवार में कुछ हद तक घुल-मिल गईं। सोनिया गांधी लिखती हैं कि मेनका का संजय पर प्रभाव बढ़ने लगा था। इसका असर संजय और राजीव के रिश्ते पर भी पड़ने लगा। कुछ महीने पहले तक दोनों भाई एक-दूसरे के बेहद करीब थे। लेकिन अब उनके रिश्ते खराब होने लगे थे।

आपातकाल के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ चुका था। इसके बाद वह इंटरव्यू में अपनी राय रखने लगे। वह सरकारी कामकाज की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाते थे। वह नौकरशाही यानी सरकारी अधिकारियों के काम करने के धीमे तरीके की आलोचना करते थे। उनके कुछ विचार ऐसे भी थे, जिन्हें प्रधानमंत्री की आलोचना के रूप में देखा जा सकता था।

संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को कांग्रेस के कुछ गुटों का समर्थन मिलने लगा। लेकिन उनकी मां इंदिरा गांधी को इनमें से कुछ बातें पसंद नहीं थीं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा को लगता था कि मेनका संजय को समझाने के बजाय उनकी गतिविधियों को और बढ़ावा दे रही थीं।

इंदिरा गांधी ने मेनका के बारे में क्या कहा था?
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट सचिव पीएन धर से अपनी छोटी बहू के बारे में कहा था- 'उनके अभी से पर निकलने लगे हैं'। 

1978 के चुनाव के बाद क्यों बढ़ी कड़वाहट?
राजीव गांधी को लगता था कि 1978 के चुनाव में कांग्रेस की खराब स्थिति के लिए संजय गांधी भी काफी हद तक जिम्मेदार थे। इसके बाद मेनका की परिवार के प्रति नाराजगी और बढ़ गई।

किताब में लिखा है, उन्हें लगता था कि इस बुरे नतीजे के लिए संजय काफी हद तक जिम्मेदार थे। उनकी जिद, जल्दबाजी, बिना अच्छी तरह सोचे-समझे योजनाओं को लागू करने की जल्दी और अच्छी सलाह को न मानना इसकी बड़ी वजह थी। कई मामलों में उन्होंने अपनी मां को बताए बिना ही काम किए थे। 

सोनिया गांधी एक पारिवारिक बातचीत का जिक्र करती हैं। वह लिखती हैं कि इस बातचीत में राजीव ने गुस्से में संजय से कहा था- मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय। तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है। 

सोनिया आगे लिखती हैं, मेरी सास परेशान और गुस्से में थीं। उन्होंने राजीव की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'राजीव ने जो कहा, वह सही है, संजय! तुमने कितनी बार मुझे बताए बिना आदेश दिए हैं'। 

इसके बाद मेनका ने बातचीत में दखल दिया। इंदिरा गांधी ने अपनी आवाज ऊंची करते हुए मेनका को इस बात से इनकार करने की चुनौती दी। मेनका जल्दी ही पीछे हट गईं। लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई।

मेनका के तानों और आरोपों से परेशान था परिवार?
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका की व्यंग्य भरी टिप्पणियां परिवार के लिए लगातार परेशानी का कारण बन गई थीं। वह लिखती हैं, जहां तक उनका सवाल था, हम उनके दुश्मन थे। वह उन पत्रकारों के जरिये हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनसे उनका संपर्क था। सोनिया के मुताबिक, परिवार को सबसे ज्यादा दुख उस झूठी खबर से हुआ, जिसमें कहा गया था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागना चाहते थे।

संजय गांधी की मौत के बाद क्या हुआ?
23 जून 1980 को एक विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई। इसके बाद परिवार में हालात और गंभीर हो गए। सोनिया गांधी के मुताबिक, माना जाता था कि मेनका की मां कांग्रेस में संजय के समर्थकों को उनकी विधवा के लिए राजनीतिक पद की मांग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थीं। लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं। उन्हें इतनी जल्दी कोई नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए।

इसके अलावा, मेनका का तीन महीने का बच्चा भी था। इंदिरा चाहती थीं कि वह बच्चे के साथ रहें और धैर्य रखें। उनका मानना था कि मेनका को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए आगे काफी समय मिलेगा। लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि मेनका की नजर कहीं और थी।

वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर कैसे बढ़ा विवाद?
संजय गांधी की मौत के एक साल के अंदर ही मेनका के परिवार से अलग होने के संकेत मिलने लगे थे। इंदिरा गांधी ने अपने पोते फिरोज वरुण गांधी के पहले जन्मदिन पर परिवार के लोगों की एक छोटी-सी पार्टी रखने का सुझाव दिया था। बाद में उन्हें पता चला कि उनके पोते का जन्मदिन मनाया गया था। लेकिन यह पार्टी ग्वालियर की पूर्व राजमाता की बेटी वसुंधरा राजे के घर हुई थी।

वसुंधरा राजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पक्की समर्थक थीं। वह इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी भी थीं। सोनिया गांधी लिखती हैं, यह साफ था कि ऐसा उन्हें चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था। बाद में वसुंधरा राजे ने मेनका की पत्रिका को आरएसएस के एक सदस्य को बेचने में भी मदद की।

सोनिया गांधी के मुताबिक, यह कदम इंदिरा गांधी का ही नहीं, बल्कि उनके बेटे और पिता की याद का भी अपमान करने जैसा था। यह उन सभी लोगों का अपमान था, जिन्होंने भारत की आजादी की लड़ाई के समय से ही आरएसएस की सांप्रदायिक विचारधारा के खिलाफ संघर्ष किया था। सोनिया लिखती हैं, इस काम के साथ मेनका ने सारी हदें पार कर दी थीं। मेरी सास के लिए यह एक जानबूझकर दी गई चुनौती थी।

इंदिरा गांधी ने मेनका को घर छोड़ने के लिए क्यों कहा?
इंदिरा गांधी एक सरकारी दौरे पर लंदन गई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें खबर मिली कि मेनका घर से अपना सामान बाहर निकलवा रही हैं। लंदन से लौटने के बाद इंदिरा ने मेनका को उनकी राजनीतिक गतिविधियों और परिवार के प्रति वफादार नहीं रहने के लिए फटकार लगाई। उन्होंने मेनका से साफ कहा कि उन्हें एक फैसला करना होगा। या तो वह ऐसी गतिविधियां बंद करें या फिर कहीं और जाकर रहें।

ये भी पढ़ें: 'किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए': सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा हमलावर, क्या लगाए आरोप?

सोनिया गांधी लिखती हैं, मेनका ने जवाब में आरोपों से भरा एक पत्र भेजा। इसका साफ मकसद अपनी सास को नुकसान पहुंचाना था। यह स्पष्ट हो गया था कि वह ऐसा हंगामा खड़ा करना चाहती थीं, जिसके बाद वह घर छोड़ें और सार्वजनिक रूप से इसका दोष श्रीमती गांधी पर डाल सकें। उन्होंने कई हफ्ते पहले ही अपनी यह योजना एक पत्रकार मित्र को बता दी थी।

मेनका ने घर छोड़ने के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया?
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका ने घर छोड़ने की अपनी कहानी में सिर्फ इंदिरा गांधी को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने इसके लिए राजीव और सोनिया को भी जिम्मेदार बताया।

सोनिया लिखती हैं, जिस तरह पूरी घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उसके बाद जिस तरह प्रचार का तमाशा हुआ, उसने उस गंदी घटना को ऐसा बना दिया, जिसे आज के समय में 'रियलिटी शो' कहा जाता।


वरुण गांधी से मिलने के लिए कानूनी लड़ाई क्यों चली?
इसके बाद के वर्षों में गांधी परिवार और मेनका के बीच फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई चली। वरुण की मां मेनका ने आखिरकार परिवार को उनसे मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

सोनिया गांधी लिखती हैं, जब कानूनी कार्यवाही लंबी खिंच रही थी, तभी फिरोज का चौथा जन्मदिन आ गया। उस समय मेरी सास पंजाब में बढ़ते तनाव और संकट में व्यस्त थीं। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं वरुण के नर्सरी स्कूल में उसके लिए कुछ उपहार छोड़ आऊं।

सोनिया आगे लिखती हैं, अगले दिन अखबारों में खबरें छपीं। उनमें मेनका ने आरोप लगाया था कि मुझे बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा गया था।

सोनिया के मुताबिक, मेनका के वकील को उनकी सास इंदिरा गांधी का आखिरी जवाब 19 अप्रैल 1984 को भेजा गया था। यह उस सैन्य कार्रवाई से दो महीने से भी कम समय पहले की बात थी, जिसे बाद में 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' के नाम से जाना गया।

बाद में मेनका गांधी किस पार्टी में शामिल हुईं?
मेनका गांधी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें राजीव गांधी ने हरा दिया था। इसके बाद 1988 में वह वीपी सिंह की जनता दल पार्टी में शामिल हो गईं। साल 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed