कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर मंगलवार को कानपुर कैंट विधायक सुहेल अख्तर अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस का छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल टीवी पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव के घर पहुंचा और उनकी पत्नी को ढांढस बंधाते हुए न्याय की लड़ाई में साथ रहने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी की ओर से पत्रकार की पत्नी को एक लाख रुपये की मदद दी। इस दौरान विधायक सुहेल अख्तर ने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी प्रतापगढ़ आ सकती हैं।
टीवी पत्रकार की हत्या पर गहरा आक्रोश प्रकट करने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर मंगलवार को कानपुर कैंट से विधायक सुहेल अख्तर अंसारी, प्रदेश महासचिव सुशील पासी, सचिव देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सचिव जयकरन वर्मा, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र और पूर्व अध्यक्ष युवक कांग्रेस नीरज त्रिपाठी ने पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव के घर पहुंचकर उनकी पत्नी रेणुका श्रीवास्तव से घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने में कांग्रेस हर कदम पर संघर्ष करेगी।
2 of 2
पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की पत्नी से मुलाकात करने पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : प्रतापगढ़
प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार की पत्नी को एक लाख रुपये नकद प्रदान देने के साथ ही बच्चों के शिक्षा- का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से बात करते हुए कानपुर कैंट के विधायक सुहेल अख्तर अंसारी ने कहा कि शराब माफियाओं ने पूरे प्रदेश में अपना जाल फैला रखा है। अलीगढ़ से प्रतापगढ़ तक मौत के कारोबार पर रोक लगाने में भाजपा फेल रही है। यह मामला विधानसभा में उठाया जाएगा। इस मौके पर वेदांत तिवारी, संतोष तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पत्रकार की मौत पर जताया शोक
रानीगंज। पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की रानीगंज तहसील इकाई द्वारा शोक संवेदना प्रकट की गई। अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, संरक्षण रवींद्र दूबे, कोषाध्यक्ष प्रमोद दूबे, राकेश पांडेय, रवीकांत दूबे, उदय सिंह, राजेंद्र तिवारी सहित अन्य पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की मांग की।
पत्रकार सुलभ की हत्या पर सपाइयों ने जताया आक्रोश
प्रतापगढ़। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में सपाइयों ने मृतक पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव के परिजनों से मुलाकात की। उन्हें हर संभव दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर हरीश शुक्ला, रोहित मिश्रा, धर्मराज सिंह, अमित सिंह, अख्तर राइन, जावेद अंसारी, अफसर अली मौजूद रहे। वहीं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की वर्चुअल बैठक मंगलवार को हुई। पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की हत्या के खुलासे की मांग की गई। पत्रकार की हत्या पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया।
इस मौके पर मंडल प्रभारी सुशांत केसरवानी, कुलदीप सिंह, अनुराग खंडेलवाल, उमा प्रसाद अग्रहरि, अर्पित खंडेलवाल, आतिफ अंसारी, नरेंद्र सिंह, सलमान अहमद, रमनदीप सिंह, श्रवण कुमार मकीजा मौजूद रहे।