मुजफ्फरनगर। हाईवे पर अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर पर चढ़कर हवा में उछलती हुई दूसरी साइड में तीन बाइक सवारों पर जा चढ़ी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दंपति के दस साल के बच्चे समेत अन्य दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। दंपति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
हादसे में दंपति की मौत से परिवार में मचा कोहराम, देखिए तस्वीरें
सोमवार दोपहर खतौली की ओर से कार तेजी से जा रही थी। कार सवार बहादराबाद निवासी विनीत पुत्र दुर्गेश, दुल्हन शालू और विनीत की बुआ बैठी थीं। कार को रिश्तेदार बागपत निवासी मोनू चला रहा था। ये लोग थाना दौराला के गांव सलावा में अपने देवी-देवताओं की पूजा कर वापस बहादराबाद लौट रहे थे।
पढ़ें : हादसे में स्कॉर्पियो चकनाचूर, महिला समेत दो की मौत, दर्जनों घायल
हाईवे पर सागर रत्ना होटल के सामने कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और हवा में उछलती हुई दूसरी साइड में खतौली की ओर आ रहे तीन बाइक सवारों के ऊपर चढ़ गई। अगली बाइक पर मेरठ के थाना जानी के गांव भदौड़ा निवासी कपिल (35) पुत्र विजय की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी मृतक की पत्नी सुकर्मा (33) और उसका दस साल का बेटा कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सुकर्मा की भी मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार मंसूरपुर के गांव नौना निवासी भीष्म पुत्र ताराचंद, भूरा पुत्र ताराचंद और तीसरी बाइक सवार मुजफ्फरनगर के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी कांशीराम पुत्र लाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से खतौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पढ़ें : ड्राइवर को लगी झपकी और खत्म हो गईं पांच जिंदगियां, देखें तस्वीरें
पुलिस ने दंपति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक मोनू को हिरासत में ले लिया है। मृतक कपिल मंसूरपुर के गांव दूधाहेड़ी में अपनी ससुराल से पत्नी और बेटे के साथ बाइक से वापस अपने गांव जा रहा था। मृतक के साले गांव दूधाहेड़ी निवासी चितरंजन पुत्र जगत सिंह ने चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/