सावन 2021: पहले सोमवार को शिवालयों में हुआ जलाभिषेक, मंदिरों के बाहर लंबी कतारें, कड़े सुरक्षा इंतजाम
सहारनपुर में श्रावण मास के पहले सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक और पूजन करने के लिए सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को अभिषेक करने के साथ ही फल, फूल, बिल्वपत्र, मिष्ठान आदि का प्रसाद चढ़ाया। मंदिर प्रबंधन की तरफ से सोशल डिस्टेंसिंग की भी व्यवस्था बनाई गई।
शिव मंदिरों पर सुरक्षा के इंतजाम के लिए पुलिस भी तैनात रही। एसएसपी डॉक्टर एस चन्नपा भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने भूतेश्वर महादेव मंदिर और बागेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर पहुंचे।
बागपत में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ आसपास के जिलों से भी शिवभक्त पुरा महादेव मंदिर पहुंचे। इस दौरान शिवालयों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस भक्तों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने का प्रयास करती रही।
नगर के सभी शिवालय सुबह से ही हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। पुरा महादेव मंदिर पर हजारों शिवभक्तों ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए जलाभिषेक किया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात रही ।