उजैद से पूछताछ में खुलासा: पहले दोस्ती और मदद का भरोसा, फिर विचारधारा बदलवाता, हैंडलर के निशाने पर ऐसे युवा
मेरठ में उजैद की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया ग्रुपों के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाने की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान से जुड़े शहजाद भट्टी के ऑनलाइन नेटवर्क की जांच कर रही हैं। आरोप है कि पहले युवाओं का भरोसा जीता जाता है, फिर उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा और देशविरोधी गतिविधियों की ओर उकसाया जाता है।
विस्तार
पाकिस्तान से जुड़े शहजाद भट्टी पर सोशल मीडिया के जरिए भारत के किशोरों और युवाओं को अपने नेटवर्क में फंसाने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसका तरीका सीधे किसी संगठन में भर्ती करने के बजाय पहले युवाओं का भरोसा जीतना, फिर धीरे-धीरे उनकी विचारधारा बदलना और आखिर में उन्हें नेटवर्क के इशारे पर काम करने के लिए तैयार करना है। मेरठ के बनियापाड़ा निवासी उजैद की गिरफ्तारी के बाद इस ऑनलाइन नेटवर्क की गतिविधियां फिर जांच के दायरे में आई हैं।
पहले दोस्ती और मदद का भरोसा, फिर विचारधारा बदलने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए ऐसे युवाओं की पहचान की जाती है जो बेरोजगारी, आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद या दूसरी परेशानियों से जूझ रहे होते हैं। शुरुआत में उनसे दोस्ती की जाती है और आर्थिक मदद या बेहतर भविष्य का भरोसा दिया जाता है। इसके बाद निजी चैट और अलग-अलग ऑनलाइन ग्रुपों के जरिए संपर्क बढ़ाया जाता है।
आरोप है कि धीरे-धीरे धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों को उठाकर युवाओं की सोच प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। इसके जरिए उनके मन में व्यवस्था और देश के प्रति नफरत पैदा कर उन्हें भारतविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने का आरोप है।
उजैद की गिरफ्तारी के बाद ऑनलाइन नेटवर्क की जांच
मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा निवासी फल विक्रेता साजिद के बेटे उजैद की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान से जुड़े इस ऑनलाइन नेटवर्क की गतिविधियां फिर चर्चा में आई हैं। पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी और उससे जुड़े संदिग्ध लोगों के सोशल मीडिया ग्रुपों के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बनाने के पहलू की जांच की जा रही है।
पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला, ‘333’ नाम से बनाई पहचान
पुलिस के मुताबिक, करीब 45 वर्षीय शहजाद भट्टी मूल रूप से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला है। उसका नाम वर्ष 2013 में पाकिस्तान में चोरी और लूटपाट से जुड़े मामलों में सामने आया था। इसके बाद भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
बताया गया है कि वर्ष 2015 में वह पाकिस्तान छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंच गया। वहां उसने कबाड़ के कारोबार के साथ कृषि और डेयरी व्यवसाय से जुड़े होने का दावा किया। सोशल मीडिया पर उसने ‘333’ नाम से पहचान बनाई और धार्मिक मुद्दों, भारत-पाकिस्तान संबंधों तथा विवादित विषयों पर वीडियो बनाकर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाए।
गैंगस्टर और ग्रेनेड हमले की जांच में भी नाम आया
शहजाद भट्टी का नाम पाकिस्तान के अपराधी फारुख खोखर और एक भारतीय गैंगस्टर के साथ कथित संबंधों को लेकर भी चर्चा में रहा है। उसने खुद भारतीय गैंगस्टर से दोस्ती होने की बात कही थी। हालांकि, दोनों के संबंधों और उनके आपसी नेटवर्क को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
पंजाब के जालंधर में मार्च 2024 में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर के बाहर हुए ग्रेनेड हमले की जांच के दौरान भी शहजाद भट्टी का नाम सामने आया था। इन संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
