भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल शुक्रवार को बैडमिंटन स्टार पी परूपल्ली कश्यप के साथ सात जन्मों के बंधन में बंध गईं। दोनों ने साधारण रुप से शादी की लेकिन हैरानी की बात यह है कि किसी को भी साइना के प्यार की भनक तक नहीं लगी। वहीं शादी के बारे में जानने के लिए बेहद उत्सुक भी हैं। जी हां, हम आज आपको बता रहे हैं आखिर कैसे साइना को पी कश्यप से हुई मोहब्बत और आपको दिखा रहे हैं उनके प्री वैडिंग फोटोशूट की कुछ तस्वीरें जिन्हें देखकर आप भी कहेंगे कि यही है परफेक्ट 'मैच ऑफ द ईयर' : -
दरअसल साइना मूल रूप से यूपी के मेरठ से सटे मुरादनगर की रहने वाली हैं। वह मुरादनगर के ढिंडार गांव निवासी हरवीर सिंह की पुत्री हैं। ग्राम प्रधान दिनेश चौधरी ने बताया कि साइना का परिवार काफी पहले यहां से शिफ्ट हो गया था। इस शादी में बेहद करीबी लोगों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि गांव के लोगों में जहां साइना की शादी को लेकर खुशी है वहीं न्यौता नहीं मिलने से मलाल भी है। साइना की शादी की खबर भी ग्रामीणों को मीडिया से ही मिली।
गौरतलब है कि साइना देश की सबसे बड़ी बैडमिंटन स्टार हैं। वर्तमान में वह दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं तथा इस मुकाम तक पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला हैं। साथ ही एक महीने में तीसरी बार प्रथम वरीयता पाने वाली भी वह अकेली महिला खिलाड़ी हैं। लंदन ओलंपिक 2012 मे साइना ने इतिहास रचते हुए बैडमिंटन की महिला एकल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वह वर्ल्ड रैंकिंग में 9वें नंबर पर हैं। 2010 के कॉमवेल्थ गेंम्स में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
साइना भारत सरकार द्वारा पद्म श्री और सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हो चुकीं हैं। साइना के नाम इस समय कुल 23 टाइटल हैं। साइना कई बार रैंपवॉक भी कर चुकी हैं और कई बड़े ब्रांड के लिए मॉडलिंग करती हैं।
यूं तो खेल जगत में साइना और कश्यप के अफेयर के चर्चे समय-समय पर उठते रहे हैं। मगर दोनों ने खुलकर कभी अपने इस रिश्ते को कबूला नहीं था। हालांकि परूपल्ली कश्यप इस कई बार सफाई देते नजर आए कि दोनों अच्छे दोस्त से ज्यादा कुछ भी नहीं हैं। बहरहाल, अब दोनों शादी के बंधन में बंध चुके हैं।