प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पार्षद और दरोगा के बीच हुए मामले में पुलिस ने जो एक तरफा कार्रवाई की है, वह अब नहीं होगी। इस मामले में सोमवार को ही कंकरखेड़ा थाने में दरोगा और उसके साथ मौजूद महिला के खिलाफ पार्षद द्वारा दी गयी तहरीर पर मुकदमा दर्ज होगा। वहीं होटल के भीतर के जो भी वीडियो वायरल हुए हैं, उन पर संज्ञान लेते हुए विभागीय कार्रवाई भी तय करेंगे।
मंत्री बोले- दरोगा-महिला वकील के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा, एसएसपी को दिए सख्त निर्देश
सर्किट हाउस में जिला और महानगर समन्वय समितियों और पुलिस प्रशासन व अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि पार्षद और दरोगा के बीच मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में जनप्रतिनिधियों और संगठन के लोगों ने जो उन्हें जानकारी दी, उसके बाद डीएम व एसएसपी से पूरे मामले पर चर्चा की गयी।
एसएसपी को निर्देश दिया गया है कि दरोगा के खिलाफ भी पार्षद की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जाये। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि उनकी संयुक्त व्यापार संघ के प्रतिनिधि मंडल से भी इस मुद्दे पर वार्ता हुई और उन्हें भी आश्वस्त किया गया है कि किसी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होगा। इस आश्वासन पर उन्होंने भी अपना सोमवार का बंद वापस ले लिया है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी न हटने पर जताया खेद
पिछले माह मेरठ दौरे के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी को तीन दिन में हटाने के आदेश हवाई होने पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह मेरी कमी है और मैं इस पर खेद व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को कार्रवाई करनी थी, वह लखनऊ में बैठे हैं। लेकिन अब इस पर कार्रवाई तो होगी ही उन अधिकारियों से भी जवाब मांगा जायेगा कि अब तक क्यों कार्रवाई नहीं हुई।
ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ डीएम एसएसपी मारेंगे छापा
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बैठक में एक शिकायत सामने आयी है कि ट्रैफिक पुलिस बिना हेलमेट आदि वाहनों के खिलाफ चौराहों पर अभियान चलाते हुए उनसे अवैध उगाही कर रही है। इस पर उन्होंने डीएम और एसएसपी को निर्देश दिया है कि वह बिना वर्दी के आम जनता की तरह इसके खिलाफ छापामारी कर कार्रवाई करें। इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/