मेरठ में 20 दिसंबर को हुए उपद्रव में पुलिस उपद्रवियों की गिरफ्तारी से हाथ खींचती दिखाई दे रही है। घटना के दसवें दिन भी मुख्य उपद्रवी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस 165 उपद्रवियों पर इनाम घोषित करने के साथ उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेने की तैयारी में है।
पुलिस नहीं जुटा पा रही हिम्मत, कैसे हो उपद्रवियों की गिरफ्तारी,165 पर होगा इनाम, वारंट की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बवाल हापुड़ रोड और लिसाड़ी गेट क्षेत्र में सबसे ज्यादा हुआ था। जिसमें अब तक 19 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 180 से ज्यादा आरोपी नामजद और 5500 से ज्यादा अज्ञात आरोपी बनाए गए। पुलिस इस उपद्रव में अभी तक 15 लोगों को ही गिरफ्तार कर पाई है।
405 उपद्रवियों को चिह्नित किया जा चुका है, जिनमें से 165 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है, जो सीसीटीवी फुटेज, वीडियो व फोटो में पत्थर और गोलियां चलाते कैद हुए हैं। इन सभी 165 आरोपियों के नाम पते पुलिस ने मुकदमों में शामिल कर लिए हैं। लेकिन पुलिस उनके घरों पर दबिश देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।
पुलिस का कहना है कि उनके पास इनपुट है कि अगर दबिश दी तो फिर से उपद्रव हो सकता है। लिसाड़ीगेट क्षेत्र के कई ऐसे स्थान हैं जहां कभी भी पुलिस पर पथराव या फायरिंग हो सकती है। पुलिस मान रही है कि जिन वांछित के फोटो सामने आए हैं वह अपने घर छोड़कर फरार हैं। शहर में हापुड़ अड्डा, एल ब्लॉक तिराहा, भूमिया पुल, लिसाड़ी रोड और जाकिर कालोनी पुलिस चौकी पर पुलिस फोर्स तैनात है।
एसआईटी के प्रभारी ने की समीक्षा
इस उपद्रव की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) गठित की गई है, जिसके प्रभारी एसपी क्राइम रामअर्ज ने रविवार को एसआईटी के सदस्य सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह और सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के साथ अभी तक की कार्रवाई की समीक्षा की।
एसपी क्राइम ने सीओ, थाना और चौकी प्रभारियों के साथ भी बैठक कर निर्देश दिए हैं कि उपद्रव से संबंधित जो भी केस दर्ज हुए हैं उनमें विवेचना में तेजी लाएं। जो नामजद आरोपी फरार हैं, उन पर जल्द ही इनाम घोषित कराया जाए। उसके बाद पुलिस कोर्ट से उनका गिरफ्तारी वारंट लेगी।
गुर्गों की तलाश में हापुड़ और दिल्ली गई पुलिस
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और सोशल डेमोक्रेटिक ऑफ इंडिया के गुर्गों की तलाश में मेरठ पुलिस ने दबिश देनी शुरू कर दी है। रविवार को पुलिस ने हापुड़ और दिल्ली में कई जगह पर इनकी तलाश की लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस का कहना है कि इन दोनों संगठनों से जुड़े लोगों ने लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में भड़काया।
मेरठ में दोनों संगठनों से जुड़े जावेद, अमजद अली, हसन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने शास्त्री नगर और हापुड़ रोड पर इनकी जानकारी जुटाई हैं। एसपी सिटी का कहना है कि इस दोनों संगठनों के जुड़े 8 लोगों को पहचान लिया गया है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।