मेरठ जनपद के मोदीपुरम में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डीन वेटनरी पर जानलेवा हमले करने के आरोपी छह दिन बाद भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। वारदात से विवि में दहशत है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई गई है। बुधवार को चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और पेट्रोलिंग की गई।
हाई प्रोफाइल केस: जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे डॉ. राजबीर, बदमाशों ने दनादन बरसाईं थीं गोलियां, विवि में दहशत
वहीं कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने विवि में सुरक्षा बढ़ा दी है। पांच गनमैन बढाए गए हैं, अभी तक यहां 115 थे, अब 120 गनमैन हो गए हैं। विवि के मुख्य गेट, कुलपति आवास और गेट नंबर चार पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। विवि में सुरक्षा कर्मियों ने पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है।
कुलपति ने एसएसपी से की बात
डीन डॉ. राजबीर सिंह पर हमले के मामले में कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने एसएसपी से बात कर शीघ्र खुलासे की मांग की है। इसके अलावा कुलपति ने कमिश्रर से भी बात कर मांग की है कि डीन पर हुए हमले का पुलिस जल्द से जल्द खुलासा करे।
बता दें कि विवि और विवि के मुख्य मार्ग पर भी सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाई जाए। छात्रों ने भी दो दिन पहले विवि में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी। कुलपति ने सुरक्षाधिकारी अमित कुमार से विवि की सुरक्षा को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
विवि में हुई नियुक्ति के बारे में मांगी जानकारी
डीन डॉ. राजबीर सिंह पर हमला करने के मामले में पुलिस की जांच अलग-अलग बिंदुओं पर चल रही है। सीओ दौराला आशीष शर्मा ने बताया कि विवि में पूर्व में हुई नियुक्ति के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।
डॉ. राजबीर सिंह को डीन कब बनाया गया था, उसके बारे में भी जानकारी मांगी गई है। अभी कैमरे में दिखे बदमाशों की तलाश की जा रही है। दो जगह पर ही बदमाश दिखे थे, बदमाश लोकल ही लग रहे थे।