मेरठ से सटे हस्तिनापुर में भद्रकाली सिद्ध पीठ मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अकबरपुर इच्छाबाद गांव के समीप मध्य गंग नहर के किनारे वन आरक्षित क्षेत्र में स्थित प्राचीन मां भद्रकाली सिद्ध पीठ मंदिर में माघ महीने के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। लाखों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मन्नत मांगी।
Meerut: हस्तिनापुर में भद्रकाली मंदिर पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बेहोश होकर गिरे कई भक्त
जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होता गया और संख्या दोपहर को लाखों में पहुंच गई। भारी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच कई श्रद्धालु लाइनों में ही भीड़ में फंस कर बेहोश हो गए, जिन्हें मंदिर समिति द्वारा प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
महंत परणपुरी महाराज ने बताया कि यहां एक चमत्कारिक मां की पिंडी स्वरूप स्थित है जिसकी मान्यता देश के कोने कोने तक हैं जिसके चलते श्रद्धालु यहां प्रत्येक वर्ष माघ महीने में पहुंचते हैं।
मान्यता है कि जब पशुओं में कोई गंभीर बीमारी आती है और वह लाइलाज हो जाती हैं तो उसकी सलामती के लिए श्रद्धालु मां भद्रकाली से मन्नत मांगते हैं। इसके बाद पशु स्वस्थ हो जाते हैं उसके बाद वह माता का प्रसाद चढ़ाने के लिए देश के कोने-कोने से यहां पहुंचते हैं। इस मेले में किसानों की संख्या अधिक होती हैं। किसानों के इस मेले में आस्था का सैलाब माघ महीने के तीसरे सोमवार को देखने को मिला।
पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
माघ महीने के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब लाखों में पहुंच गया। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए और व्यवस्था को बनाने के लिए मंदिर समिति के साथ-साथ पुलिस बल को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी, जिसमें पुलिस के पसीने छूट गए। श्रद्धालु मंदिर के पीछे की ओर से प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंचे लेकिन पुलिस ने वापस भगा दिया और लाइन में लगकर सभी श्रद्धालु मंदिर में मां के दरबार तक पहुंचे।