लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था और शादी को 13 साल बीत चुके थे। 10 साल पहले परिवार में एक बेटा जन्मा तो परिवार की खुशियां और बढ़ गई थी। लेकिन इस रिश्ते में पति के बेरोजगार होने का मलाल पत्नी को हमेशा रहता था, क्योंकि महिला सरकारी अध्यापिका थी और परिवार का खर्च भी उसी की सैलरी से चलता था। यही नहीं महिला का पति शराब का आदी भी था। वह बार-बार पत्नी से शराब के लिए रुपये मांगता था, जिस कारण घर में कलेश हो जाता था। आज भी शराब के रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी ने अपने पति को थप्पड़ मार दिया। वहीं गुस्साए पति ने पत्नी पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी पति ने आखिरी सांस तक चाकू से महिला पर वार किए।
लव मैरिज का खौफनाक अंत: उजड़ गया हंसता खेलता परिवार, 10 साल के बेटे से छिन गई मां, सरकारी टीचर थी प्रतिमा
शिवलोकपुरी में रहता है परिवार
कंकरखेड़ा क्षेत्र के शिवलोकपुरी में नत्थू सिंह सेवानिवृत वकील का परिवार रहता है। नत्थू सिंह के दो बेटे हैं। जिनमें, देवेंद्र वर्मा अपनी पत्नी प्रतिमा वर्मा के साथ रहता है। प्रतिमा वर्मा नानू स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। आए दिन की तरह गुरुवार को भी देवेंद्र ने पत्नी से शराब के लिए रुपये मांगे। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और महिला ने देवेंद्र को थप्पड़ मार दिया। वहीं थप्पड़ से गुस्साए देवेंद्र ने पत्नी पर हथौड़े और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से आसपास के लोग भी सहम उठे।
खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा आरोपी पति
पत्नी की हत्या करने के बाद खून से सने कपड़ों में ही आरोपी खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंच गया। आरोपी को इस हाल में देख पुलिस अधिकारी हैरान रह गए। उसने पुलिसकर्मियों को घटना के बारे में बताया तो एक बार तो पुलिसकर्मियों को यकीन नहीं आया। लेकिन आरोपी से सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
13 साल पहले की थी लव मैरिज
श्रद्धापुरी निवासी प्रतिमा ने 13 साल पहले देवेंद्र से प्रेम विवाह किया था। लेकिन प्यार में साथ-जीने मरने की कसमें खाने वाले प्रेमी ने ही अपने हाथों से प्रेमिका (पत्नी) को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद आसपास के लोग भी यही कह रहे हैं कि प्रेम विवाह करने के बावजूद भी देवेंद्र ने ऐसा काम कर दिया। दोनों की प्रेम कहानी का 13 साल बाद खौफनाक अंत हो गया है। प्रतिमा का 10 वर्ष का पुत्र आशु सरकारी स्कूल में पढ़ता है।
भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
प्रतिमा की हत्या की जानकारी मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। भाई विशाल पुत्र ओमप्रकाश ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। विशाल ने बताया कि शादी के बाद से ही देवेंद्र व उसका पिता नत्थू सिंह उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।